(24×7 न्यूजटाइम संवाददाता)
देवास। मध्यप्रदेश के इंदौर-बैतूल राष्ट्रीय राजमार्ग पर देवास जिले की नजदीकी भूमि अधिग्रहण के संबंध में जिले के किसानों ने आंदोलन की चेतावनी दी है। भारतीय किसान यूनियन सूर्यवंशी महिला मोर्चा अध्यक्ष सपना भरोसिया ने आज यहां संवाददाताओं को बताया कि इंदौर-बैतूल राष्ट्रीय मार्ग पर देवास जिले की सीमा में मार्ग के विस्तारीकरण योजना के तहत करीब 200 किसानों की जमीन का अधिग्रहण किया जाना प्रस्तावित है। इसके लिए किसानों को नोटिस जारी किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों की करोड़ों रुपए मूल्य की भूमि का नाममात्र का भुगतान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इसके विरोध में 12 सितंबर को इंदौर में आंदाेलन किया जाएगा और केन्द्रीय मंत्रियों के नाम कलेक्टर को ज्ञापन देकर विरोध प्रकट किया जाएगा।





