(24×7न्यूजटाइम संवाददाता)
भोपाल। मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी मध्यप्रदेश के राज्य सचिव जसविंदर सिंह ने भोपाल में श्रीगणेश प्रतिमा पर पथराव के मामले में बयान जारी किया है। उन्होंने प्रदेश के सत्ताधारी दल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधते हुए प्रदेश और शहर का सद्भाव बिगाड़ने का आरोप लगाया है।
माकपा राज्य सचिव जसविंदर सिंह ने कहा कि गणेश विसर्जन के समय अपने अपराधों को छुपाने के लिए शहर के साम्प्रदायिक सद्भाव को बिगाड़ने की अपराधी तत्वों की साजिश एक बार फिर बेनक़ाब हुई हैI लेकिन डर है कि शान्ति और सद्भाव बनाए रखने की सजा प्रदेश की भाजपा सरकार, ईमानदारी से अपना दायित्व निभाने वाले पुलिस अधिकारियों को फिर से दण्डित न कर दे।
उन्होंने कहा है की भोपाल के आरिफ नगर की गणेश प्रतिमा पर पथराव का आरोप लगाने वाले चरण सिंह कुशवाह पर 29 मई को सुषमा मंगरोलिया नाम की महिला जान से मारने की धमकी देने, गाली गलौज करने के साथ ही अनुसूचित जाति उत्पीड़न के तहत मुकदमां दर्ज करवा चुकीं हैं। इतना ही नहीं चरण सिंह ने जिस अब्दुल हलीम पर दूसरें 2 लोगों के साथ गणेश प्रतिमा को खंडित करने का आरोप लगाया था, वह भी 8 अगस्त को चरण सिंह पर उसका ट्रक जलाने की कोशिश करने और मारपीट करने की रिपोर्ट पुलिस थाने में दर्ज करवा चुका है।
इन्हीं अपराधों पर पर्दा डालने के लिए आरोपी धर्म की आड़ में अब्दुल पर एन.एस.ए लगाने और उसके घर पर बुलडोजर चलाने की मांग कर रहा था। मगर पुलिस की ईमानदार जांच ने इस साजिश का पर्दाफाश कर दिया है।
जसविंदर सिंह ने कहा कि अब डर है कि कहीं डॉ. मोहन यादव की भाजपा सरकार इन अधिकारियों को पुरस्कृत करने की बजाय दण्डित न कर दे, क्योंकि इससे पहले रतलाम और फिर गुना में सद्भाव की रक्षा करने वाले पुलिस अधीक्षकों का तबादला कर अपराधियों को संरक्षण दे चुकी है।
वही मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी ने शहर के धर्मनिरपेक्ष और सद्भाव प्रिय नागरिकों को भी सतर्क और सक्रिय होने की अपील की है, ताकि भाजपा सरकार कानून की रक्षा करने वाले पुलिस अधिकारियों को दण्डित न कर सके।





