(24×7न्यूजटाइम संवाददाता)
नयी दिल्ली। नेपाल में पिछले तीन दिनों से जारी हिंसा के कारण यहां फंसे नेपाली नागरिकों को लेकर एयर इंडिया और इंडिगो के विशेष विमान बुधवार को काठमांडू के लिए रवाना हो गए।
नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू ने आज सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बताया कि काठमांडू हावाई अड्डा बंद होने के कारण भारत में फंसे नेपाली नागरिकों को आज एयर इंडिया और इंडिगो के विशेष विमानों से उनके देश भेजा गया है तथा आने वाले दिनों में ऐसी और उड़ानों का संचालन किया जाएगा।
काठमांडू में आज शाम हवाई अड्डे पर फिर से सेवा बहाल कर दी गई। गुरुवार से भारतीय विमान सेवा कंपनियां दिल्ली और काठमांडू के बीच नियमित उड़ानों का संचालन करेंगी।
एयर इंडिया ने आज बताया कि दिल्ली से एक विशेष उड़ान काठमांडू के लिए रवाना की गई तथा कल भी एक विशेष उड़ान वहां जाएगी और वापसी में वहां फंसे भारतीय यात्रियों को स्वदेश वापस लाएगी।
इंडिगो और स्पाइसजेट के प्रवक्ताओं ने भी बताया है कि दिल्ली और काठमांडू के बीच उनकी नियमित उड़ानें कल से शुरू होंगी।
इससे पहले, मंगलवार और बुधवार को दिल्ली और काठमांडू के बीच सभी उड़ानें रद्द रही थीं। काठमांडू में जारी भारी हिंसा के मद्देनजर वहां हवाई अड्डा बंद कर दिया गया था।
श्री नायडू ने विमान सेवा कंपनियों से अपील की है कि वे लोगों की मजबूरी का फायदा न उठाएं और किराए में बेतहाशा वृद्धि न करें।





