(24×7न्यूजटाइम संवाददाता)
इंदौर। मध्यप्रदेश लोकायुक्त संगठन की इंदौर इकाई ने मंगलवार को जनपद पंचायत खकनार, जिला बुरहानपुर के उपयंत्री महेन्द्र कोठारी को 12 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ लिया।
लोकायुक्त सूत्रों के अनुसार ग्राम देवरीमल, नेपानगर निवासी ठेकेदार राजू वाघमारे (38) ने शिकायत की थी कि उसने ग्राम पंचायत हिंगना में 5 लाख रुपये लागत का प्रवेश द्वार निर्माण कार्य पूर्ण किया था। कार्य का मूल्यांकन कर रिपोर्ट जमा करने के एवज में उपयंत्री महेन्द्र कोठारी ने 20 हजार रुपये की मांग की थी।
शिकायत की पुष्टि होने पर आज ट्रैप दल का गठन किया गया। आरोपी कोठारी को आवेदक से 12 हजार रुपये लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया। आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण (संशोधन) अधिनियम 2018 की धारा 7 के अंतर्गत मामला दर्ज कर कार्यवाही जारी है।
ट्रैप दल में कार्यवाहक निरीक्षक सचिन पटेरिया, प्रधान आरक्षक विवेक मिश्रा, आरक्षक विजय कुमार, आरक्षक पवन पटोरिया, आरक्षक शैलेन्द्र सिंह बघेल और आरक्षक श्रीकृष्ण अहिरवार शामिल थे।





