(24×7न्यूजटाइम संवाददाता)
जबलपुर। मध्यप्रदेश लोकायुक्त संगठन की जबलपुर इकाई ने मंगलवार को पटवारी प्रवीण कुमार पटेल को छह हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
लोकायुक्त सूत्रों के अनुसार ग्राम दर्शनी, तहसील मझौली निवासी आवेदक बिशाली पटेल ने शिकायत की थी कि उसकी पैतृक भूमि के बंटवारे का आदेश तहसीलदार द्वारा दिया जा चुका है। आरोपी पटवारी प्रवीण पटेल (30) हल्का क्रमांक 65 और 66, ग्राम दर्शनी-गुरजी, तहसील मझौली, बंटवारे को कंप्यूटर एवं बही में दर्ज करने के एवज में 6 हजार रुपये रिश्वत मांग रहा था।
शिकायत की पुष्टि के बाद गठित ट्रैप दल ने आज सिहोरा स्थित पटवारी कार्यालय (पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस के पीछे, बिजली कार्यालय के पास अमित गर्ग का मकान) पर आरोपी को रिश्वत राशि लेते हुए पकड़ा।
आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) की धारा 7, 13(1)(बी) एवं 13(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर कार्यवाही की जा रही है। ट्रैप दल में दल प्रभारी राहुल गजभिए, विवेचना अधिकारी उमा कुशवाहा, निरीक्षक शशिकला और लोकायुक्त जबलपुर की टीम शामिल रही।





