Tuesday, June 2, 2026
spot_img

रांची से आईएसआईएस आतंकी गिरफ्तार, आठ संदिग्ध हिरासत में

(24×7न्यूजटाइम संवाददाता)
नयी दिल्ली/रांची। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल, झारखंड आतंकवाद निरोधी दस्ता (एटीएस) और रांची पुलिस की संयुक्त टीम ने बुधवार सुबह रांची में बड़ी कार्रवाई करते हुए आतंकवादी संगठन आईएसआईएस से जुड़े संदिग्ध आतंकी अशहर दानिश को गिरफ्तार किया। यह गिरफ्तारी लोअर बाजार थाना क्षेत्र के इस्लामनगर स्थित तबराक लॉज से हुई, जहां वह जनवरी 2025 से छिपा हुआ था। अशहर दानिश मूल रूप से बोकारो जिले के पेटरवार का रहने वाला है।
दिल्ली पुलिस के एक अधिकारी के अनुसार इसी क्रम में दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने राजधानी दिल्ली से भी मुंबई निवासी आतंकी आफ़ताब को भी गिरफ्तार किया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार दोनों आतंकी रासायनिक हथियार बनाने में निपुण हैं और इन्हें आईएसआईएस के स्लीपर सेल में नए युवाओं की भर्ती की जिम्मेदारी दी गई थी।
छापेमारी के दौरान अशहर दानिश के पास से एक पिस्तौल और कई डिजिटल उपकरण बरामद किए गए हैं। इसके अतिरिक्त दिल्ली और झारखंड में 12 अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी की गई, जिनसे कई महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे हैं। वहीं, पलामू में भी संयुक्त टीम ने छापेमारी कर एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। सूत्रों के अनुसार अशहर दानिश के खिलाफ दिल्ली में एक मामला दर्ज था और स्पेशल सेल उसे लंबे समय से तलाश रही थी। अंततः संयुक्त अभियान में उसकी गिरफ्तारी संभव हो पाई।
इस कार्रवाई में दोनों आतंकियों के साथ-साथ आठ संदिग्ध लोगों को भी हिरासत में लिया गया है। सुरक्षा एजेंसियां अब दिल्ली-झारखंड नेटवर्क और आतंकी मॉड्यूल की गहन जांच कर रही हैं।
पुलिस अधिकारी का मानना है कि यह गिरफ्तारी दिल्ली और झारखंड में सक्रिय आईएसआईएस स्लीपर मॉड्यूल को ध्वस्त करने की दिशा में एक बड़ी सफलता है।

spot_img

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img

Latest Articles