Tuesday, June 2, 2026
spot_img

मोदी के जन्मदिन से गांधी जयंती तक भाजपा मनाएगी सेवा पखवाड़ा

(24×7न्यूजटाइम संवाददाता)
नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से लेकर महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री की जयंती दो अक्टूबर तक सेवा पखवाड़ा मनाएगी। इस अभियान में सेवा, स्वच्छता, आत्मनिर्भरता और राष्ट्रनिर्माण को केंद्र में रखा गया है। इसके अंतर्गत रक्तदान शिविर, स्वास्थ्य जांच कैंप, स्वच्छता अभियान, पर्यावरण संरक्षण के लिए “एक पेड़ मां के नाम” अभियान, प्रदर्शनी, संवाद कार्यक्रम, दिव्यांगजनों को उपकरण वितरण, “मोदी विकास मैराथन”, खेल महोत्सव और ड्रॉइंग प्रतियोगिताएँ आयोजित होंगी। भाजपा मुख्यालय में गुरुवार को केंद्रीय पर्यावरण एवं वन मंत्री भूपेन्द्र यादव, भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव सुनील बंसल ने प्रेस वार्ता में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आने वाली 17 सितंबर से दो अक्टूबर तक भाजपा की ओर से ‘सेवा पखवाड़ा’ का देश भर में आयोजन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि सेवा पखवाड़ा के तहत विभिन्न जिलों में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जीवन एवं उपलब्धियों पर प्रदर्शनियां लगाई जाएंगी तथा समाज के प्रबुद्ध वर्ग के साथ संवाद और सम्मेलन भी आयोजित किया जाएगा। इसके साथ ही सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत समाज के विशिष्ट व्यक्तियों को सम्मानित करने के साथ-साथ 771 संवाद कार्यक्रम भी देशभर के सभी प्रांतों में आयोजित किए जाएंगे।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री का 17 सितंबर को जन्मदिवस है और उन्होंने भारत की राजनीति में सेवा, स्वच्छता जैसे मौलिक विषयों को सबके सामने स्थापित किया है। उन्होंने सेवा के साथ-साथ पूरे देश को स्वच्छता का भी महामंत्र दिया है। आज देश के सुदूरवर्ती ग्रामीण क्षेत्र तक स्वच्छ जल की व्यवस्था और हर एक जन के लिए सम्मान के साथ स्वच्छता स्थानों की उपलब्धता भी कराई गयी है। उनके प्रधानमंत्रित्व के कार्यकाल के दौरान और उनके मुख्यमंत्री रहते हुए भी, आपदा की घटनाओं में, संकट में, महामारी में उन्होनें लोगों को सेवा के साथ जनता के साथ जुड़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि श्री मोदी का हमेशा ये विजन रहता है कि राजनीति भी सेवा का माध्यम है और इसलिए परंपरागत आलोचना से दूर आम लोगों के जीवन के दुखों को दूर करना, सरकार की नीतियों के माध्यम से गरीब कल्याण योजनाओं को नीचे तक लेकर जाना इन सब को हम लोगो ने नेतृत्व में हमने देखा है। श्री बंसल ने कहा कि सेवा पखवाड़े के अंतर्गत भाजपा पूरे देश में दिव्यांगजनों के साथ संवाद करेगी और उनके लिए सहायक उपकरण वितरित करेगी। 21 सितंबर को 75 से अधिक शहरों में “मोदी विकास मैराथन” आयोजित होगी, जिसमें युवाओं को विकसित, आत्मनिर्भर और नशा मुक्त भारत के संकल्प से जोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि इसके अलावा 21 सितंबर से खेल महोत्सव का शुभारंभ होगा और दिसंबर तक पूरे देश में सांसदों द्वारा खेल प्रतियोगिताएं आयोजित करायी जायेंगी। जिससे युवा जुड़ेंगे, नई प्रतिभाएं सामने आएंगी और “फिट इंडिया” व “खेलो इंडिया” की भावना गांव-गांव तक पहुंचेगी। श्री बसंल ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी की जयंती से पूरे देश में “आत्मनिर्भर भारत, विकसित भारत” अभियान शुरू होगा। इसमें “वोकल फॉर लोकल” को बढ़ावा देने के लिए जिलों में प्रदर्शनियाँ, मेले और गतिविधियाँ आयोजित की जाएँगी। यह अभियान 25 दिसंबर तक जारी रहेगा। श्री बंसल ने कहा कि “एक पेड़ मां के नाम” अभियान 25 सितंबर से फिर से व्यापक रूप से शुरू किया जाएगा। इसमें देशभर में वृक्षारोपण के साथ नगर वन और पार्क बनाए जाएंगे, राज्य सरकारों की भागीदारी से यह पर्यावरण संरक्षण का जनआंदोलन बनेगा।

spot_img

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img

Latest Articles