(24×7न्यूजटाइम संवाददाता)
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के मलिहाबाद थाना क्षेत्र में पुलिस ने लिफ्ट देने की आड़ में लूटपाट करने वाले एक सक्रिय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस गैंग के तीन सदस्यों दो पुरुष और एक महिला को गिरफ्तार किया है। गिरोह का शिकार हुई पीड़िता के गहने और नगदी छीनने के बाद आरोपितों ने उसे चलती गाड़ी से बाहर फेंक दिया था।
एडीसीपी नॉर्थ जितेंद्र दुबे ने आज शनिवार को प्रेस कांफ्रेंस कर बताया कि बीते एक सितंबर को गीता कनौजिया नामक महिला सुबह 11 बजे के आसपास सीतापुर बाईपास पर हरदोई जाने के लिए वाहन का इंतजार कर रही थीं। उसी दौरान एक सफेद मारुति अर्टिगा कार वहां आकर रुकी और संडीला का हवाला देते हुए महिला को बैठा लिया गया। कुछ दूरी पर पहुंचने के बाद कार में मौजूद एक महिला और दो पुरुषों ने पीड़िता के साथ मारपीट शुरू कर दी और उसे अपने गहने तथा पैसे देने के लिए मजबूर किया और आरोपियों ने गीता के गले से मंगलसूत्र, कान की बालियों, थैले में रखी दो सोने की चेन और 12 हजार रुपये नगदी लूट लिए। इसके बाद महिला को चलती गाड़ी से सरावां गांव के पास फेंककर फरार हो गए।
घटना की सूचना पर पुलिस ने इलाके में वाहनों की चेकिंग तेज कर दी। शुक्रवार को मोहान तिराहे पर चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक अर्टिगा कार को रोकने का प्रयास किया, जिसके चालक ने पुलिस को देख गाड़ी भगा दी। सूचना मिलते ही गोशालालपुर चौकी पर तैनात टीम को सतर्क किया गया। वहां नाकाबंदी देखकर चालक ने गाड़ी रोक दी, जिसके बाद मलिहाबाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को धर दबोचा।
पूछताछ में गिरफ्तार सतीश गुप्ता (44, निवासी मोहन विहार कॉलोनी, दुबग्गा), प्रेम कुमार वर्मा (56, दनकौर, ग्रेटर नोएडा), और रामरानी (35, माधवपुर बैगरिया, दुबग्गा) की पहचान हुई। कार की तलाशी के दौरान पुलिस ने एक अवैध तमंचा और धारदार हथियार बरामद किया।
जांच में पता चला कि प्रेम कुमार ने वीरपाल सिंह नामक युवक से कार किराए पर ली थी, जिसका इस्तेमाल वे इस तरह की वारदातों के लिए करते थे। पीड़िता से छीने गए गहने बीस हजार रुपये में बेचकर रकम साझा कर ली गई थी। आरोपितों में से प्रेम कुमार के खिलाफ पहले भी नोएडा में लूट और आर्म्स एक्ट के कई मुकदमे दर्ज हैं। अपनी पहचान छुपाने के लिए वह लखनऊ के दुबग्गा में किराए पर रहता था और वहीं से इस गिरोह को चलाता था। गैंग में पैसों का हिस्सा देने के लालच में महिला को भी शामिल किया। फिलहाल, पुलिस यह जानने में जुटी है कि तीनों ने अब तक और कितनी घटनाओं को अंजाम दिया है।





