(24×7न्यूजटाइम संवाददाता)
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार को मध्य प्रदेश के दौरे पर जायेंगे जहां वह धार जिले में ‘ स्वस्थ नारी सशक्त परिवार’ और आठवें राष्ट्रीय पोषण माह अभियान की शुरूआत करेंगे। प्रधानमंत्री कई विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखने के अलावा कुछ नयी पहलों की शुरूआत करेंगे और उपस्थित जनसमुदाय को भी संबोधित करेंगे।
प्रधानमंत्री कार्यालय ने मंगलवार को बताया कि श्री मोदी स्वास्थ्य ,पोषण , फिटनेस और स्वस्थ तथा सशक्त भारत के प्रति अपनी प्रतिबद्धता के अनुरूप ‘स्वस्थ नारी सशक्त परिवार’ और आठवें राष्ट्रीय पोषण माह अभियान का शुभारंभ करेंगे। यह अभियान कल से दो अक्टूबर तक देश भर में सभी आयुष्मान अरोग्य मंदिरों, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों, जिला अस्पतालों और अन्य सरकारी स्वास्थ्य केन्द्रों में चलाया जाएगा। इसके अंतर्गत एक लाख से अधिक स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जाएगा जिससे यह देश में महिलाओं और बच्चों के लिए सबसे बड़ा स्वास्थ्य कार्यक्रम बन जायेगा। इसके अलावा देश भर में सभी सरकारी स्वास्थ्य केन्द्रों में दैनिक स्वास्थ्य शिविर भी आयोजित किए जाएंगे।
इस राष्ट्रव्यापी अभियान का उद्देश्य सामुदायिक स्तर पर महिला-केंद्रित निवारक और उपचारात्मक स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करना है। यह गैर-संचारी रोगों, एनीमिया, तपेदिक, और सिकल सेल रोग के लिए स्क्रीनिंग, शुरुआती पहचान और उपचार लिंकेज को मजबूत करेगा। इससे प्रसवोत्तर देखभाल, टीकाकरण, पोषण, मासिक धर्म स्वच्छता, जीवन शैली और मानसिक स्वास्थ्य जागरूक गतिविधियों के माध्यम से माता, बच्चे और किशोरों में भी स्वास्थ्य को बढ़ावा मिलेगा । स्त्री रोग, पीडियाट्रिक्स, नेत्र , आंख , नाक, कान, गला, दंत, त्वचा और मनोचिकित्सा सहित विशेषज्ञ सेवाओं को मेडिकल कॉलेजों, जिला अस्पतालों, केंद्र सरकार के संस्थानों और निजी अस्पतालों के माध्यम से जुटाया जाएगा।
अभियान के तहत राष्ट्रव्यापी रक्त दान अभियान का भी आयोजन किया जाएगा। ई-रक्तकोष पोर्टल पर रक्तदाताओं को पंजीकृत किया जाएगा और ‘माई गोव’ के माध्यम से शपथ अभियान चलाया जायेगा। लाभार्थियों को पीएम-जय, आयुष्मान वाया वंदना और आभा के तहत नामांकित किया जाएगा। कार्ड सत्यापन और शिकायत निवारण के लिए स्वास्थ्य शिविरों में हेल्पडेस्क स्थापित किए जाएंगे। योग सत्र, आयुर्वेद परामर्श और अन्य आयुष सेवाओं को महिलाओं और परिवारों के लिए समग्र स्वास्थ्य और कल्याण प्रथाओं को बढ़ावा देने के लिए आयोजित किया जाएगा। यह अभियान मोटापे की रोकथाम, बेहतर पोषण और स्वैच्छिक रक्त दान पर विशेष जोर देने के साथ स्वस्थ जीवन शैली प्रथाओं के लिए समुदायों के बीच समर्थन भी जुटाएगा। नागरिकों को समाज के दृष्टिकोण में पोषण, परामर्श और देखभाल के साथ टीबी रोगियों की मदद के लिए समर्पित मंच पर निक्षय मित्र के रूप में पंजीकरण करने के लिए भी प्रोत्साहित किया जाएगा।
श्री मोदी प्रधानमंत्री मंत्री मातृ वंदना योजना के तहत देश भर की पात्र महिलाओं के बैंक खातों में भी धनराशि हस्तांतरित करेंगे। इससे देश में लगभग दस लाख महिलाओं को फायदा होगा।
प्रधान मंत्री मातृ और बाल स्वास्थ्य के बारे में जागरूकता बढ़ाने के लिए सुमन सखी चैटबोट का शुभारंभ करेंगे। यह चैटबॉट ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों में गर्भवती महिलाओं को समय पर सटीक जानकारी प्रदान करेगा जिससे आवश्यक स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच सुनिश्चित होगी।
सिकल सेल एनीमिया के खिलाफ देश की सामूहिक लड़ाई को आगे बढ़ाते हुए प्रधान मंत्री राज्य के लिए एक करोड़वां सिकल सेल स्क्रीनिंग और परामर्श कार्ड वितरित करेंगे।
प्रधानमंत्री आदि कर्मयोगी अभियान की कड़ी में मध्य प्रदेश के लिए ‘आदि सेवा पर्व’ की शुरूआत करेंगे जो आदिवासी गौरव और राष्ट्र-निर्माण की भावना के संगम का प्रतीक होगा। इस पहल में आदिवासी क्षेत्रों में सेवा-उन्मुख गतिविधियों की एक श्रृंखला शामिल होगी जिसमें स्वास्थ्य, शिक्षा, पोषण, कौशल विकास, आजीविका वृद्धि, स्वच्छता, जल संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण पर ध्यान केंद्रित किया जायेगा। प्रत्येक गाँव के लिए दीर्घकालिक विकास रोडमैप तैयार करने के उद्देश्य से आदिवासी ग्राम एक्शन प्लान और ट्राइबल विलेज विजन 2030 पर एक विशेष जोर दिया जाएगा।
श्री मोदी अपने ‘पांच एफ’ विज़न फार्म टू फाइबर, फाइबर से फैक्ट्री, फैक्ट्री से फैशन, और फैशन से विदेश के अनुरूप धार में ‘पीएम मित्र पार्क’ का उद्घाटन करेंगे। कुल 2150 एकड़ से अधिक क्षेत्र में फैले पार्क को विश्व स्तरीय सुविधाओं से सुसज्जित किया जाएगा। इसमें सामान्य अपशिष्ट उपचार संयंत्र, सौर ऊर्जा संयंत्र, आधुनिक सड़कें शामिल हैं, जो इसे एक आदर्श औद्योगिक टाउनशिप बनाती हैं। यह क्षेत्र में कपास उत्पादकों को उनकी उपज के लिए बेहतर मूल्य प्रदान करके किसानों की आय को बढ़ाकर इस क्षेत्र में महत्वपूर्ण रूप से लाभान्वित करेगा।
विभिन्न कपड़ा कंपनियों ने 23,140 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश का प्रस्ताव किया है जो नए उद्योगों और बड़े पैमाने पर रोजगार के लिए मार्ग प्रशस्त करता है। इससे निर्यात को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ रोजगार के लगभग तीन लाख अवसर उत्पन्न होंगे।
पर्यावरण संरक्षण और महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए अपनी प्रतिबद्धता के अनुरूप प्रधानमंत्री राज्य की ‘एक बागिया मां के नाम’ पहल के तहत एक महिला स्व-सहायता समूह की लाभार्थी को एक पौधा उपहार स्वरूप देंगे। मध्य प्रदेश में 10,000 से अधिक महिलाएं ‘मा की बगिया’ विकसित करेंगी उन्हें पौधे की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराये जायेंगे।





