(24×7न्यूजटाइम संवाददाता)
भैंसोला (धार) । आने वाले त्योहारों के पहले आज, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश को विकसित भारत की दिशा में ले जाने के उद्देश्य से देशवासियों से स्वदेशी अपनाने का आग्रह करते हुए ‘गर्व से कहो, ये स्वदेशी है’ का नया नारा दिया।
श्री मोदी मध्यप्रदेश के धार जिले के भैंसोला में आयोजित समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने देश के पहले ‘पीएम मित्रा’ पार्क की आधारशिला रखी। समारोह में राज्यपाल मंगुभाई पटेल, मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव, केंद्रीय मंत्री सावित्री ठाकुर समेत राज्य के मंत्रिमंडल के अनेक सदस्य उपस्थित रहे।
श्री मोदी ने कहा कि अब त्योहारों का समय आ रहा है, इस पूरे समय में हमें स्वदेशी का मंत्र लगातार दोहराना है। लोग अपने जीवन में इस मंत्र को उतारें। जो भी खरीदें, देश में ही बना हो, उसमें हिंदुस्तान की मिट्टी की महक हो।
उन्होंने व्यापारी वर्ग का आह्वान करते हुए कहा कि ये वर्ग भी देश की मदद करे। 2047 तक हमें देश को विकसित भारत बनाना है, उसका रास्ता ‘आत्मनिर्भर भारत’ से होकर जाता है। व्यापारी जो भी बेचें, भारत में ही बना हो।
उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी ने स्वदेशी को आजादी का माध्यम बनाया था, हमें अब स्वदेशी को विकसित भारत का माध्यम बनाना है। लोग अपने बच्चे के लिए खिलौना भी खरीदें, तो वाे भारत का हो। कोई भी चीज़ खरीदने के पहले देखें कि वो देश में बनी हो।
प्रधानमंत्री ने कहा कि जब हम स्वदेशी खरीदते हैं तो वो पैसा देश में ही रहता है। ये पैसा देश के विकास के काम आता है। उस पैसे से गरीब कल्याण की योजनाएं बनती हैं। स्वदेशी से रोजगार भी पैदा होता है।
उन्होंने कहा कि आगामी 22 सितंबर से नवरात्रि की शुरुआत हो रही है, उसी दिन जीएसटी की कम दरें लागू हो रहीं हैं, लोग इस दौरान स्वदेशी चीजें ही खरीदें।
इसी क्रम में उन्होंने राज्य सरकार से कहा कि वो ये अभियान चलाए, हर दुकान पर बोर्ड हो, ‘गर्व से कहो, ये स्वदेशी है’। उन्होंने इस मंत्र का वहां उपस्थित लोगों से नारा भी लगवाया।
प्रधानमंत्री ने कहा कि आज एक और ऐतिहासिक अवसर है। आज ही देश ने सरदार पटेल की फौलादी इच्छाशक्ति का उदाहरण देखा। भारतीय सेना ने हैदराबाद को अनेकों अत्याचारों से मुक्त कराकर उनके अधिकारों की रक्षा कर भारत के गौरव को दोबारा प्रतिस्थापित किया।
उन्होंने कहा कि देश की इतनी बड़ी उपलब्धि, सेना के इतने बड़े शौर्य को कई दशक बीत गए, लेकिन किसी ने याद नहीं किया। मौजूदा सरकार ने 17 सितंबर को भारत की एकता के प्रतीक रहे इस दिन को ‘हैदराबाद लिबरेशन डे’ मनाने की शुरुआत की है। आज हैदराबाद में लिबरेशन डे का कार्यक्रम शुरु किया गया है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि सभी स्वतंत्रता सेनानियों का सपना विकसित भारत था।





