(24×7न्यूजटाइम संवाददाता)
भैंसोला (धार) । टेक्सटाइल उद्योग के लिए क्रांति समझे जा रहे देश के पहले ‘पीएम मित्रा’ पार्क की आधारशिला रखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज कहा कि विश्वकर्मा जयंती के दिन हो रही इस बड़ी औद्योगिक शुरुआत से भारत के टेक्सटाइल उद्योग को नई ऊर्जा मिलेगी।
श्री मोदी ने मध्यप्रदेश के धार जिले के भैंसोला में अपनी तरह के इस पहले पार्क की आज आधारशिला रखी। इस दौरान राज्यपाल मंगुभाई पटेल, मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव, केंद्रीय मंत्री सावित्री ठाकुर समेत राज्य के मंत्रिमंडल के अनेक सदस्य उपस्थित रहे।
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन की शुरुआत करते हुए कहा कि आज विश्वकर्मा जयंती के दिन ये शुरुआत हो रही है। सबसे बड़े इंटीग्रेटेड टेक्सटाइल पार्क का आज शिलान्यास हुआ है। इस पार्क से भारत की टेक्सटाइल उद्योग को नई ऊर्जा मिलेगी। किसान को उसकी उपज का यही मूल्य मिलेगा।
उन्होंने कहा कि पीएम मित्रा पार्क से सबसे बड़ा लाभ युवक-युवतियों को होगा। उन्हें रोजगार के भरपूर अवसर मिलेंगे।
प्रधानमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश में महेश्वर के वस्त्रों की अपनी परंपरा है। देवी अहिल्या बाई ने उन्हें नया आयाम दिया। अभी देवी अहिल्या बाई की 300वीं जयंती मनाई गई है। सरकार पीएम मित्रा पार्क के जरिए देवी अहिल्या की विरासत को आगे बढ़ा रही है।
उन्होंने कहा कि यहां बुनाई के लिए जरूरी सामान, कपास और रेशम आसानी से मिलेगा। क्वालिटी चेक आसानी से होगी। उत्पादों की बाजार तक पहुंच बढ़ेगी। यहां स्पिनिंग, डिजाइनिंग, प्रोसेसिंग और निर्यात होगा। दुनिया के बाजार में धार चमकने वाला है।
श्री मोदी ने कहा कि सरकार टेक्सटाइल के लिए पांच एफ ‘फार्म, फाइबर, फैक्ट्री, फैशन और फॉरेन’ पर काम कर रही है। इस पार्क में 1300 एकड़ से ज्यादा जमीन 80 से ज्यादा इकाइयों को आवंटित भी कर दी गई है। इनसे लगभग तीन लाख रोजगार के अवसर पैदा होंगे। लागत कम होगी, उत्पाद सस्ते बनेंगे। ऐसे अभी देश में छह और पार्क बनेंगे।
प्रधानमंत्री ने कहा कि आज विश्वकर्मा जयंती है। विश्वकर्मा बंधु ‘मेक इन इंडिया’ अभियान की ताकत हैं। पीएम विश्वकर्मा योजना ने लाखों लोगों की मदद की है। उन्हें स्किल ट्रेनिंग मिली है। इस योजना का लाभ उन्हें मिला है, जिन्हें दशकों तक अनदेखा किया गया। उनके पास हुनर था पर पिछली सरकारों के पास उनके लिए कोई योजना नहीं थी।
इसी क्रम में उन्होंने कहा कि जो पिछड़ा है, वो हमारी सरकार की प्राथमिकता है।





