(24×7न्यूजटाइम संवाददाता)
वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 75वें जन्मदिन के अवसर पर भेलूपुर स्थित जलकल कार्यालय में महापौर अशोक कुमार तिवारी और जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने 75 किलोग्राम का केक काटा। इस मौके पर काशीवासियों को उपहार स्वरूप नगर निगम की ओर से 130 करोड़ रुपए की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया गया।
महापौर अशोक कुमार तिवारी ने बताया कि नगर निगम द्वारा 130 करोड़ रुपए की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया गया है। इनमें सड़क निर्माण, मरम्मत कार्य, जल निकासी, कुंडों का सौंदर्यीकरण और कुओं का पुर्नजीवित प्रमुख हैं। कुओं के पुर्नजीवित के लिए पांच करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं, और 513 कुओं को चिह्नित किया गया है। इसके अतिरिक्त, सचल पशु बंधन वाहन सहित कई अन्य योजनाओं का भी लोकार्पण किया गया।
जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने कहा कि नगर निगम द्वारा काशी की पौराणिक महत्ता को संरक्षित करने के लिए कई योजनाएं शुरू की गई हैं, जिनमें तालाबों, कुंडों और कुओं का पुर्नजीवित करना शामिल है।
प्रधानमंत्री के जन्मदिन के अवसर पर जलकल परिसर में सैंड आर्टिस्ट रूपेश सिंह, ऋतिक पासवान, आर्यन उपाध्याय, मोहन सिंह और अंशु कुमारी ने मिलकर रेत से स्वच्छता का संदेश देते हुए प्रधानमंत्री की आकृति बनाई, जिसका नाम ‘ग्रीन इंडिया और क्लीन इंडिया’ रखा गया। इस आकृति के माध्यम से उन्होंने प्रधानमंत्री को शुभकामनाएं दीं।





