(24×7न्यूजटाइम संवाददाता)
नयी दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार और रविवार को पश्चिम बंगाल और असम के अपने दो दिन के दौरे में कोलकाता (हावड़ा) और कामाख्या (गुवाहाटी) के बीच पहली स्लीपर वंदे भारत एक्प्रेस ट्रेनों को हरी झंडी देने के साथ ही दोनों राज्यों के प्रमुख रेलवे स्टेशनों से देश के विभिन्न स्थानों के लिए नौ आधुनिक सुविधाओं से सज्जित अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन सेवाओं का उद्घाटन करेंगे। श्री मोदी इसके साथ पश्चिम बंगाल में बंगलादेश की सीमा के पास राधिकापुर स्टेशन और बलूरघाट स्टेशन से बेंगलूर के लिए दो एक्सप्रेस ट्रेन सेवाओं का भी शुभारंभ करेंगे। रेल मंत्रालय ने शुक्रवार को कहा कि इन अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों के शुरू होने से लोगों के आवागमन की सुविधा बढ़ने के साथ साथ व्यापार और पर्यटन को भी बढावा मिलेगा।
श्री मोदी इस दो दिन के दौरे में शनिवार को मालदा (पश्चिम बंगाल ) में मालदा टाउन रेलवे स्टेशन का दौरा करेंगे, जहां वे कोलकाता (हावड़ा) और गुवाहाटी (कामाख्या) के बीच वंदे भारत एसी स्लीपर ट्रेन को झंडी दिखा कर रवाना करेंगे और वीडियो कांफ्रेस के माध्यम से कामाख्या से हावड़ा के लिए पहली वंदे भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। रेलवे का 2047 तक तीव्र रफ्तार, घरेलू डिजाइन तथा अधिक सुविधा और सुरक्षा वाली प्रणालियों से युक्त 4500 वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन चलाने का लक्ष्य है।
वह कल ही वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से हरी झंडी दिखा कर पश्चिम बंगाल के न्यू जलपाईगुड़ी और अलीपुरद्वार स्टेशनों से चार नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को रवाना करेंगे। इनमें से न्यू जलपाईगुड़ी से तमिलनाडु के नागरकोइल और तिरुचिरापल्ली के लिए दो अलग अलग ट्रेन तथा अलीपुरद्वार से एसएमवीटी बेंगलुरु तथा मुंबई (पनवेल) के लिए एक-एक ट्रेन होगी। प्रधानमंत्री रविवार को असम में नगांव जिले के कालियाबोर में आयोजित कार्यक्रम से गुवाहाटी- रोहतक तथा डिब्रूगढ़ लखनऊ के बीच दो अलग-अगल अमृत भारत ट्रेनों को और पश्चिम बंगाल में सिलिगुड़ी जिले में आयोजित कार्यक्रम स्थल से कोलकाता (हावड़ा)- आनंद विहार, कोलकाता (सियालदह)-बनारस और कोलकाता (सतरगाछी) – ताम्बरम के बीच तीन अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को डिजिटल तरीके से हरी झंडी दिखायेंगे। रेल मंत्रालय ने कहा है कि भूटान के गेटवे से लेकर भारत की सिलिकॉन वैली कहे जाने वाले बेंगलुरू को जोड़ने वाली अलीपुरद्वार-बेंगलुरु अमृत भारत एक्सप्रेस पूर्वी और दक्षिणी भारत के बीच एक मज़बूत लिंक बनाएगी। यह ट्रेन हफ़्ते में दोनों ओर से एक बार चलायी जाएगी। यह अलीपुरद्वार से एसएमवीटी बेंगलुरु के लिए रात 10:25 बजे (सोमवार) को रवाना होगी और बेंगलुरु सुबह 3:00 बजे (गुरुवार को) पहुँचेगी। बेंगलुरु से यह शनिवार सुबह 8:50 बजे रवाना होगी और सोमवार को सुबह 10:25 बजे अलीपुरद्वार पहुँचेगी। यह ट्रेन पश्चिम बंगला में अलीपुरद्वार, दार्जिलिंग, जलपाईगुड़ी, उत्तर दिनाजपुर, मालदा, बीरभूम, पुरबा बर्धमान, हुगली, हावड़ा और पश्चिम मेदिनीपुर जिलों को, बिहार में यह किशनगंज और कटिहार को , ओडिशा में, बालेश्वर, भद्रक, जाजपुर, कटक, खोरधा और गंजाम जैसे ज़िलों आंध्र प्रदेश में, यह रूट श्रीकाकुलम, विजयनगरम, विशाखापत्तनम, पूर्वी गोदावरी, पश्चिमी गोदावरी, गुंटूर, प्रकाशम और नेल्लोर तथा तमिलनाडु और कर्नाटक में वेल्लोर, चित्तूर, कोलार और बेंगलुरु शहरी जिलों को जोड़ेगी। इसी तरह कामाख्या- रोहतक साप्ताहिक सेवा अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन सेवा कामाख्या से शुक्रवार को रात 10:00 बजे रवाना होगी और रविवार को दोपहर 2:45 बजे रोहतक पहुँचेगी। रोहतक से वापसी रात 10:10 बजे चल कर मंगलवार को दोपहर 12:15 बजे कामाख्या पहुँचेगी। यह ट्रेन असम में कामरूप, बारपेटा, बोंगाईगांव और कोकराझार, पश्चिम बंगाल में कूच बिहार और जलपाईगुड़ी, बिहार में किशनगंज, कटिहार, भागलपुर, खगड़िया, सारण, बेगुसराय और वैशाली, उत्तर प्रदेश में बलिया, गाजीपुर, वाराणसी, भदोही, प्रयागराज, कानपुर नगर, फिरोजाबाद और गाजियाबाद, और हरियाणा में झज्जर और रोहतक सहित जिलों के यात्रियों के लिए सुविधा देगी। अलीपुरद्वार-मुंबई (पनवेल) अमृत भारत एक्सप्रेस सप्ताह में एक दिन चलेगी और पूर्वी भारत और पश्चिमी तट के बीच एक महत्वपूर्ण रेल लिंक प्रदान करेगी, जो उत्तर बंगाल के रणनीतिक सीमा क्षेत्र को मुंबई महानगरीय क्षेत्र से जोड़ेगी। यह हर गुरुवार को अलीपुरद्वार से सुबह 4:45 बजे प्रस्थान करेगी और शनिवार को शाम 5:30 बजे पनवेल पहुंचेगी। पनवेल से यह सुबह 11:50 बजे (सोमवार) रवाना होगी और बुधवार को दोपहर 1:50 बजे अलीपुरद्वार पहुंचेगी। इससे पश्चिम बंगाल में दार्जिलिंग, जलपाईगुड़ी और उत्तर दिनाजपुर, बिहार में किशनगंज, कटिहार, भागलपुर, खगड़िया, समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर, वैशाली, सारण, पटना, भोजपुर और बक्सर, उत्तर प्रदेश में चंदौली, मिर्ज़ापुर, प्रयागराज और चित्रकूट, मध्य प्रदेश में सतना, कटनी, जबलपुर और होशंगाबाद और महाराष्ट्र में जलगांव, नासिक, ठाणे और रायगढ़ जिलों को सुविधा होगी।
डिब्रूगढ़-लखनऊ (गोमती नगर) अमृत भारत एक्सप्रेस डिब्रूगढ़ से (शुक्रवार) रात 9:00 बजे प्रस्थान करेगी और रविवार को दोपहर 1:30 बजे गोमतीनगर (लखनऊ) पहुंचेगी। गोमतीनगर से यह शाम 6:40 बजे (रविवार) रवाना होगी और डिब्रूगढ़ सुबह 12:40 बजे (मंगलवार) पहुंचेगी।
मंत्रालय का कहना है कि कोलकाता (हावड़ा)-आनंद विहार टर्मिनल अमृत भारत एक्सप्रेस प्रत्येक गुरुवार को रात 11:10 बजे हावड़ा से रवाना होगी और शनिवार को सुबह 02:50 बजे आनंद विहार टर्मिनल पहुंचेगी। आनंद विहार टर्मिनल से यह हर शनिवार को सुबह 05:15 बजे रवाना होगी और रविवार को सुबह 10:50 बजे हावड़ा पहुंचेगी। इससे कोलकाता और दिल्ली एनसीआर के बीच रेल यात्रा सुविधा में सुधार होगा। यह बर्धमान,और हुगली, गया , पटना वाराणसी, जौनपुर, लखनऊ, बरेली, मुरादाबाद के रास्ते आनंद विहार पहंचेगी। कोलकाता (सियालदह)-बनारस अमृत भारत एक्सप्रेस रोज़ाना शाम 7:30 बजे सियालदह से रवाना होगी और अगले दिन सुबह 7:20 बजे बनारस पहुंचेगी। बनारस से यह रोज़ाना रात 10:10 बजे बनारस हो कर अगले दिन सुबह 09:55 बजे सियालदह पहुंचेगी।
न्यू जलपाईगुड़ी-तिरुचिरापल्ली अमृत भारत एक्सप्रेस सप्तह में एक दिन शुक्रवार शाम 4:45 बजे न्यू जलपाईगुड़ी से रवाना होगी और रविवार को शाम 4:15 बजे तिरुचिरापल्ली पहुंचेगी। वापसी में यह तिरुचिरापल्ली से सुबह 5:45 बजे (बुधवार) रवाना होगी और सुबह 5:00 बजे (शुक्रवार) न्यू जलपाईगुड़ी पहुंचेगी।
न्यू जलपाईगुड़ी से नागरकोइल के लिए शुरू की जा रही अमृत भारत एक्सप्रेस हर बुधवार शाम 4:45 बजे न्यू जलपाईगुड़ी से प्रस्थान करेगी और शुक्रवार रात 11:00 बजे नागरकोइल ( कन्याकुमारी ) पहुंचेगी। वापसी में यह नागरकोइल से रविवार रात 11:00 बजे चला करेगी और बुधावार सुबह 5:00 बजे न्यू जलपाईगुड़ी पहुंचेगी।





