Tuesday, June 2, 2026
spot_img

2027 विधानसभा चुनाव के लिए अभी से दिन-रात मेहनत करें सांसद : अखिलेश

(24×7न्यूजटाइम संवाददाता)
लखनऊ। समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पार्टी सांसदों को निर्देश दिए कि वे 2027 विधानसभा चुनाव के लिए अभी से दिन-रात मेहनत करें और अपने संसदीय क्षेत्रों में जनता के सुख-दुख में शामिल होकर उनके मुद्दों के लिए संघर्ष करें।
उन्होंने कहा कि 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी और भाजपा के अन्यायपूर्ण शासन से छुटकारा दिलाकर जनता के लोकतांत्रिक अधिकार बहाल किए जाएंगे।
मंगलवार को पार्टी कार्यालय में आयोजित सांसदों की बैठक को सम्बोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि चुनाव के लिए जनपदीय स्तर पर घोषणा पत्र तैयार किया जाएगा, जिसमें जनता के मुद्दों को शामिल किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कहा कि भाजपा शासन में संविधान खतरे में है तथा प्रदेश में कानून का राज समाप्त हो चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि आरएसएस ने हमेशा लोकतंत्र के साथ नाइंसाफी की है और संविधान के साथ धोखा किया है।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार एसआईआर (एसआईआर) में धांधली करना चाहती है। उन्होंने दावा किया कि केंद्रीय और राज्य निर्वाचन आयोग की वोटर लिस्ट में भारी अंतर है, जिससे चुनाव प्रक्रिया पर गंभीर सवाल उठते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार बेईमानी के रास्ते पर चल रही है और जनहित के मुद्दों से भटककर सत्ता बचाने की राजनीति कर रही है।
सपा अध्यक्ष ने प्रदेश की स्थिति पर टिप्पणी करते हुए कहा कि भाजपा सरकार में अन्याय, अत्याचार और जुल्म चरम पर है। सरकारी बजट का बंदरबांट और लूट चल रही है तथा भ्रष्टाचार के सारे रिकॉर्ड टूट गए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा ने हर वर्ग को धोखा दिया है और सरकार पूरी तरह से नाकाम साबित हो चुकी है। अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा शासन में मंदिरों को तोड़ा जा रहा है और जितने मंदिर भाजपा सरकार में टूटे हैं, उतने किसी राजा के कार्यकाल में नहीं तोड़े गए।
बैठक के बाद कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने भाजपा को धोखेबाज पार्टी बताते हुए कहा कि सरकार हर वर्ग का अपमान कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने शंकराचार्य और महारानी अहिल्याबाई होल्कर का अपमान किया तथा काशी से उनकी पहचान और कार्यों के निशान मिटाना चाहती है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में पीडीए के अधिकार छीने जा रहे हैं और आरक्षण से खिलवाड़ हो रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ मजबूत करने और चुनाव की तैयारी तेज करने का आह्वान किया।

spot_img

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img

Latest Articles