(24×7न्यूजटाइम संवाददाता)
ग्रेटर नोएडा। उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्धनगर जिले में सॉफ्टवेयर इंजीनियर युवराज मेहता की मौत के मामले में पुलिस ने बुधवार को मुख्य आरोपी बिल्डर अभय कुमार सहित पांच लोगों के खिलाफ पर्यावरण संरक्षण, जल प्रदूषण और संबंधित विधिक धाराओं के उल्लंघन के आरोप में दूसरी प्राथमिकी दर्ज की।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, लोटस ग्रीन कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड और विश टाउन के भागीदार अभय कुमार, संजय कुमार, मनीष कुमार, अचल बोहरा और निर्मल कुमार को इस मामले में नामजद किया गया है। ये सभी आरोपी सेक्टर-150 में आवंटित एक कमर्शियल भूखंड के साझेदार बताए जा रहे हैं।
यह हादसा ग्रेटर नोएडा सेक्टर-150 स्थित एमजेड विश टाउन परियोजना परिसर में हुआ था। आरोप है कि इसी भूखंड पर लापरवाही पूर्वक बेसमेंट की खुदाई की गई थी, जहां न तो सुरक्षा मानकों का पालन किया गया और न ही जल निकासी की कोई समुचित व्यवस्था की गई। इसी तकनीकी खामी और लापरवाही के कारण हुए हादसे ने एक होनहार इंजीनियर की जान ले ली।
उल्लेखनीय है कि इस मामले में दर्ज पहली प्राथमिकी के आधार पर मुख्य आरोपी बिल्डर अभय कुमार को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है, जिसे अदालत ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।





