Tuesday, June 2, 2026
spot_img

शब्दों से नहीं मैं कर्म से जवाब देने में विश्वास रखता हूं: पंकज चौधरी

(24×7न्यूजटाइम संवाददाता)
कानपुर। कार्यकर्ताओं को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ताकत बताते हुये पार्टी के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी में गुरुवार को कहा कि वह शब्दों से नहीं बल्कि अपने कर्मो से जवाब देने में विश्वास करते हैं। प्रदेश अध्यक्ष का दायित्व संभालने के बाद पहली बार कानपुर आये श्री चौधरी ने छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय के वीरांगना लक्ष्मी बाई प्रेक्षागृह में भाजपा कानपुर – बुंदेलखंड क्षेत्र की बैठक को संबोधित करते हुये कहा “ मेरे राजनीतिक दृष्टिकोण में कार्यकर्ता सबसे मूल्यवान है। जब मेरे अध्यक्ष बनने की घोषणा हुयी थी तब कुछ लोगों ने कहा कि भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष ने हमेशा केन्द्र की राजनीति की है। मैंने सब सुना और चुप रहा क्योंकि शब्दों से नहीं मैं कर्म से जवाब देने में विश्वास रखता हूं। मैं आप सबको विश्वास दिलाता हूँ कि मेरे काम करने की शैली इन सब बातों का जवाब होगी।”
उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा “ मेरी आप सब से भी यही अपेक्षा है कि आप सभी मेरे साथ कंधा से कंधा मिलाकर साथ काम करें और साथ चलें। कार्यकर्ता का दायित्व मेरे लिये किसी भी दायित्व से बड़ा है। संगठन ही हम सबकी ताकत और पहचान है। मैं प्रदेश अध्यक्ष और वित्त राज्य मंत्री होने से पहले संगठन का एक कार्यकर्ता हूं।”
बैठक के पूर्व नगर में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष का पार्टी के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं ने स्थानीय नागरिकों के साथ ऐतिहासिक स्वागत किया।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि केन्द्र का रास्ता उत्तर प्रदेश से ही जाता है, इसलिए 2027 के विधानसभा चुनाव में 2017 से बडी विजय के लिए हमे जुटना है। उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण का दूसरा चरण चल रहा है। हमे जुटकर एक-एक घर में पहुंचकर किसी भी कारण से अब तक छूटे हुए मतदाताओं के नाम जुड़वाने का काम करना है। इसके साथ ही केंद्र सरकार विकसित भारत- जी राम जी अधिनियम लेकर आयी है। हमे श्रमिकों, ग्रामीणों, किसानो तक इस अधिनियम की सच्चाई लेकर पहुंचना है।
उन्होंने कहा कि मनरेगा खराब गुणवत्ता, अस्थाई परिसंपत्तियां, व्यापक भ्रष्टाचार, किसानों को समस्या, कम मजदूरी, लेट मजदूरी पेमेंट के करण भ्रष्टाचार और अनियमितताओं का केंद्र बन चुका था। जबकि विकसित भारत – जी राम जी में ग्रामीण परिसंपत्तियों पर फोकस, ग्राम सभा स्तर पर कार्य योजना, तकनीकी का प्रयोग, भ्रष्टाचार का अंत, 125 दिन का काम, 7 दिन के अंदर पेमेंट, किसानों के हितों की रक्षा की गारंटी लेकर जनसंवाद करिए और विपक्ष के भ्रम और अफवाहों को समाप्त करिए।
श्री चौधरी ने कहा “ भाजपा विश्व की सबसे बड़ी पार्टी है, उत्तर प्रदेश में हमारे करोड़ों कार्यकर्ता हैं। इसलिए हम सबका दायित्व है कि ज़मीनी स्तर पर विपक्ष के हर झूठ और भ्रम को समाप्त करके 2047 के विकसित भारत का संकल्प पूरा करना है।”
भाजपा नेता ने कहा “ भाजपा की स्थापना सत्ता के लिए नहीं बल्कि राष्ट्र सेवा के लिए हुई थी। मुझे गर्व है कि मैं ऐसी पार्टी का सदस्य हूँ और पार्टी ने मुझे देश के सबसे बड़े राज्य का अध्यक्ष बनाया है। उन्होंने कहा कि पार्टी ने मुझपे विश्वास दिखाया और 1991 से लेकर 2024 तक सात बार मुझे भारत की संसद में भेजा। मैं भाजपा के संस्थापक स्व. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जी को स्मरण कर उनको श्रद्धांजलि अर्पित करता हूँ। आदरणीय मुखर्जी जी के शब्द एक देश में दो विधान, दो प्रधान और दो निशान नहीं चलेंगे। यह हमारी पार्टी का संकल्प रहा हैं और आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने आर्टिकल 370 को समाप्त करके इस संकल्प को पूरा किया है।”
उन्होने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में सांस्कृतिक राष्ट्रवाद के जयघोष के साथ श्री राम जन्म भूमि पर भव्य राम मंदिर के निर्माण से देश का सदियों पुराना स्वप्न साकार हुआ है। काशी में बाबा विश्वनाथ कॉरिडोर, महाकाल लोक सहित देश के सभी सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक केंद्रों के विकास से पूरे विश्व ने दिव्य, भव्य, आलौकिक भारतीय सांस्कृतिक आभा के दर्शन किए है। श्री चौधरी ने कहा “ दो दिन पहले राष्ट्रीय अध्यक्ष के पदभार ग्रहण करने के अवसर पर प्रधानमंत्री ने कहा ‘मैं एक कार्यकर्ता हूँ और नितिन जी मेरे बॉस है। उनके यह शब्द हमें यही संदेश देते हैं कि संगठन सबसे बड़ा है और संगठन में अनुशासन सबसे महत्वपूर्ण है। उनके यह शब्द भाजपा के सिद्धांतों को सरल शब्दों में पूर्णत: स्पष्ट करते हैं कि संगठन व्यक्ति से बड़ा है। हम सबके लिए गौरव का विषय है कि हम सब ऐसे लीडर के नेतृत्व में काम कर रहे हैं जो विश्व में सर्वाधिक लोकप्रिय नेता हैं और जिसे विश्व के 28 देशों ने अपने देश के सर्वोच्च सम्मान से सम्मानित किया।”

spot_img

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img

Latest Articles