उज्जैन(24×7न्यूजटाइम संवाददाता)। मध्यप्रदेश के उज्जैन में “जल गंगा संवर्धन अभियान” अंतर्गत आयोजित शिप्रा तीर्थ परिक्रमा एवं गंगा दशमी महोत्सव के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 26 मई को रामघाट पर मां शिप्रा को 351 फीट लंबी चुनरी अर्पित करेंगे।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार महाकालेश्वर की पवित्र नगरी उज्जैन में 22 वर्ष पूर्व शिप्रा तट से प्रारंभ हुआ “जल गंगा संवर्धन अभियान” अब जल एवं पर्यावरण संरक्षण की जनजागरूकता यात्रा का रूप ले चुका है। प्रदेश की प्रमुख नदियों नर्मदा, ताप्ती, केन, बेतवा सहित अन्य जल स्रोतों के संरक्षण एवं उनके आसपास पर्यावरण संवर्धन के लिए राज्य शासन विभिन्न सामाजिक, धार्मिक और सेवा संस्थाओं के सहयोग से अभियान संचालित कर रहा है।
शिप्रा लोक संस्कृति समिति एवं महाराजा विक्रमादित्य शोध पीठ (संस्कृति विभाग, मध्यप्रदेश शासन), उज्जैन विकास प्राधिकरण, रामघाट तीर्थ पुरोहित सभा अवंतिकापुरी तथा जिला प्रशासन उज्जैन के संयुक्त तत्वावधान में दो दिवसीय शिप्रा तीर्थ परिक्रमा यात्रा आयोजित की जाएगी, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
कार्यक्रम के तहत 25 मई को प्रातः रामघाट से यात्रा का शुभारंभ किया जाएगा। इस अवसर पर उज्जैन-आलोट सांसद अनिल फिरोजिया, राज्यसभा सांसद बालयोगी संत उमेशनाथ महाराज सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहेंगे।
दूसरे दिन 26 मई को सायं पांच बजे मुख्यमंत्री डॉ. यादव द्वारा मां शिप्रा को 351 फीट लंबी चुनरी अर्पित की जाएगी। कार्यक्रम में भारतीय नौसेना बैंड की प्रस्तुति भी होगी। इसके अलावा प्रसिद्ध गायिका मैथिली ठाकुर एवं उनकी टीम द्वारा भक्ति संगीत प्रस्तुत किया जाएगा। वहीं श्रेयश शुक्ला और संजो बघेल भी विशेष प्रस्तुति देंगे।





