रायबरेली(24×7न्यूजटाइम संवाददाता)। उत्तर प्रदेश के रायबरेली में अवैध खनन एवं अवैध परिवहन के विरुद्ध प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टास्क फोर्स ने शनिवार देर रात विशेष सघन अभियान चलाकर 28 वाहनों को सीज किया। यह कार्रवाई जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका और पुलिस अधीक्षक रवि कुमार के निर्देशन में बछरावां, लालगंज और डलमऊ क्षेत्रों में की गई।
अपर जिलाधिकारी प्रशासन से आज रविवार को मिली जानकारी के अनुसार शनिवार देर रात अभियान के दौरान अवैध खनन सामग्री के परिवहन में लगे वाहनों की व्यापक जांच और चेकिंग की गई। संयुक्त टीम ने संदिग्ध वाहनों को रोककर दस्तावेजों की जांच की तथा नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर 28 वाहनों को सीज कर दिया। प्रशासनिक अधिकारियों ने संबंधित क्षेत्रों में लगातार निगरानी बनाए रखते हुए प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की।
अभियान में उपजिलाधिकारी महाराजगंज चन्द्र प्रकाश गौतम, उपजिलाधिकारी लालगंज राजेश श्रीवास्तव, क्षेत्राधिकारी महाराजगंज प्रदीप कुमार, क्षेत्राधिकारी लालगंज अमित सिंह, तहसीलदार लालगंज, नायब तहसीलदार डलमऊ, संबंधित थाना प्रभारी और खनन विभाग की टीम शामिल रही।
अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) ने कहा कि जिले में अवैध खनन और अवैध परिवहन के खिलाफ आगे भी लगातार कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले की सीमा का उपयोग किसी भी अवैध खनन गतिविधि के लिए नहीं होने दिया जाएगा तथा इसमें संलिप्त लोगों के खिलाफ नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।





