प्रयागराज(24×7न्यूजटाइम संवाददाता)।उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में भीषण गर्मी के बीच लगातार हो रही बिजली कटौती और खराब विद्युत व्यवस्था के विरोध में आज कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार, के ऊर्जा मंत्री ए. के. शर्मा तथा विद्युत विभाग के अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी कर आम जनता की समस्याओं को उठाया।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रयागराज शहर और जिले के अधिकांश क्षेत्रों में लगातार बिजली कटौती हो रही है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है। उन्होंने बताया कि कई इलाकों में ट्रांसफॉर्मर फुंकने या जलने की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिनकी मरम्मत या बदलाव में कई दिन लग जाते हैं। इसके कारण लोगों को तीन से चार दिनों तक बिजली के बिना रहना पड़ रहा है।नेताओं ने यह भी कहा कि भीषण गर्मी के कारण बिजली न मिलने से पेयजल संकट गहरा गया है।
चूंकि अधिकांश क्षेत्रों में पानी की आपूर्ति बिजली पर निर्भर करती है, इसलिए लंबे समय तक बिजली गुल रहने से लोगों को पानी की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने विशेष रूप से बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों के लिए बढ़ती कठिनाइयों का उल्लेख किया।कांग्रेस नेताओं ने ऊर्जा मंत्री ए. के. शर्मा पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश की जनता बिजली संकट से जूझ रही है, जबकि मंत्री और विभागीय अधिकारी जनता की समस्याओं के समाधान के बजाय अन्य कार्यक्रमों में व्यस्त हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि बिजली विभाग के अधिकारी अपने कर्तव्यों का पालन करने में विफल रहे हैं।प्रदर्शन के दौरान नेताओं ने यह आरोप भी लगाया कि बिजली चेकिंग अभियान के नाम पर कई स्थानों पर उपभोक्ताओं से अवैध वसूली की शिकायतें प्राप्त हो रही हैं। उन्होंने कहा कि विभाग में भ्रष्टाचार व्याप्त है और आम उपभोक्ता शोषण का शिकार हो रहे हैं।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मांग की कि प्रदेश सरकार तत्काल बिजली व्यवस्था में सुधार करे, जले हुए ट्रांसफॉर्मरों को शीघ्र बदले, अनावश्यक बिजली कटौती पर रोक लगाए और दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करे।साथ ही चेतावनी दी कि यदि जनता की समस्याओं का समाधान जल्द नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।





