भोपाल(24×7न्यूजटाइम संवाददाता)।मध्यप्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने प्रदेश सहित देशभर में पड़ रही भीषण गर्मी को लेकर सरकार से आपात तैयारियां करने और राहत व्यवस्थाएं मजबूत करने की मांग की है।
उमंग सिंघार ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर जारी बयान में कहा कि 48 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच रहे तापमान और लगातार जारी हीट स्ट्रोक की चेतावनियों के बीच मध्यप्रदेश समेत पूरा देश भीषण गर्मी की चपेट में है।
उन्होंने कहा कि सबसे अधिक संकट गरीबों, मजदूरों, किसानों, ट्रैफिक पुलिसकर्मियों, छोटे दुकानदारों और खुले में काम करने वाले लोगों पर पड़ रहा है। कई स्थानों पर अस्पतालों में पर्याप्त व्यवस्थाएं नहीं हैं तथा पीने के पानी की समस्या भी बनी हुई है।
उमंग सिंघार ने कहा कि सरकार को तत्काल स्वास्थ्य व्यवस्था, पेयजल, छांव और राहत केंद्रों की व्यवस्था पर गंभीरता से काम करना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह केवल मौसम का मामला नहीं बल्कि जनजीवन पर बड़ा संकट बनता जा रहा है। नेता प्रतिपक्ष ने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे सतर्क रहें, अनावश्यक धूप से बचें और अपने साथ परिवार के स्वास्थ्य का भी ध्यान रखें।





