शहडोल(24×7न्यूजटाइम संवाददाता)। मध्यप्रदेश में शहडोल संभाग के आईजी एन चैत्रा ने बिजुरी कांड की निष्पक्ष जांच के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित करने के आदेश जारी किए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार भाजपा नेता अनिल गुप्ता के नेतृत्व में मुख्यमंत्री को भेजे गए ज्ञापन के बाद यह कार्रवाई की गई। गठित एसआईटी का नेतृत्व शहडोल एडीएसपी अभिषेक दीवान करेंगे। एसआईटी में टीआई कोतमा रत्नाम्बर शुक्ला, भालूमाड़ा टीआई उमेश उपाध्याय तथा एएसआई अनूपपुर सरिता लकड़ा को शामिल किया गया है।
उल्लेखनीय है कि बिजुरी में 19 मई की रात एक नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म की घटना सामने आई थी। इसके बाद 20 मई को उसकी मृत्यु हो गई थी, जबकि 22 मई की रात मामले के मुख्य गवाह एक नाबालिग लड़के का शव संदिग्ध परिस्थितियों में रेल पटरी पर मिला था। लगातार सामने आ रही घटनाओं के कारण बिजुरी पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे थे। इसी के चलते मामले की निष्पक्ष जांच के लिए एसआईटी गठित की गई है।





