Saturday, June 13, 2026
spot_img

ट्रेन में सीट विवाद के बाद युवक की पीट-पीटकर हत्या

बैतूल,(24×7न्यूजटाइम संवाददाता)। मध्यप्रदेश के बैतूल जिले के बोरदेही रेलवे स्टेशन पर ट्रेन में सीट को लेकर हुए विवाद के बाद एक युवक की कथित रूप से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। जीआरपी ने हत्या का प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार मृतक की पहचान छिंदवाड़ा निवासी अली खान के रूप में हुई है। वह अपने मित्रों जयंत विश्वकर्मा, शिवम मालवीय और यश उर्फ रिक्की के साथ ट्रेन से यात्रा कर रहा था। बताया गया है कि अली खान नागपुर में नौकरी करता था और मित्रों के साथ घूमने निकला था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यात्रा के दौरान परासिया स्टेशन के पास ट्रेन में सीट पर बैठने को लेकर अली खान का एक युवक से विवाद हो गया था। बाद में मामला शांत हो गया और ट्रेन आगे बढ़ गई।
मृतक के साथियों का आरोप है कि विवाद के बाद दूसरे पक्ष के युवक ने अपने परिचितों को बोरदेही रेलवे स्टेशन बुला लिया। जैसे ही ट्रेन स्टेशन पर पहुंची, अली खान को ट्रेन से नीचे उतार लिया गया और उसके साथ मारपीट की गई। आरोप है कि हमलावरों ने डंडों से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया, जिससे उसकी मृत्यु हो गई। साथियों के अनुसार हमलावर अन्य युवकों की भी तलाश कर रहे थे, जिसके चलते वे अलग-अलग डिब्बों में छिप गए और बाद में आमला पहुंचकर जीआरपी को घटना की जानकारी दी।
जीआरपी प्रभारी प्रमोद पाटिल ने बताया कि हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग पुलिस दल गठित किए गए हैं। रेलवे स्टेशन और आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है तथा प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस ने कहा कि घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि हमले में कितने लोग शामिल थे तथा घटना की वास्तविक परिस्थितियां क्या थीं।

spot_img

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img

Latest Articles