धार,(24×7न्यूजटाइम संवाददाता)। हैदराबाद के विधायक और हिंदू नेता टी. राजा सिंह आज मध्यप्रदेश के धार स्थित भोजशाला पहुंचे, जहां उन्होंने मां वाग्देवी के चित्र का पूजन कर महाआरती में भाग लिया तथा लंदन में स्थित मां वाग्देवी की मूल प्रतिमा को भारत वापस लाने की मांग की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार विधायक टी. राजा सिंह के भोजशाला पहुंचने पर समर्थकों ने आतिशबाजी कर उनका स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने परिसर में आयोजित धार्मिक कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि पहले भोजशाला आने पर उन्हें पीड़ा होती थी, लेकिन अब स्थिति में बदलाव दिखाई दे रहा है। उन्होंने भोजशाला परिसर से संबंधित विभिन्न मुद्दों पर भी अपने विचार व्यक्त किए।
मीडिया से चर्चा में विधायक ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा भोजशाला में कॉरिडोर निर्माण की घोषणा का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि भोजशाला को धार्मिक पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित किए जाने की संभावनाएं हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से चर्चा कर लंदन में स्थित मां वाग्देवी की मूल प्रतिमा को भारत वापस लाने और उसे भोजशाला में स्थापित कराने की मांग भी की।





