(24×7न्यूजटाइम संवाददाता)
नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ चुनाव के लिए प्रचार के आखिरी दिन मंगलवार को नॉर्थ कैम्पस के किरोड़ीमल कॉलेज में उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय के पहुंचने से ठीक पहले भारतीय राष्ट्रीय छात्र संघ (एनएसयूआई) और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) दोनों छात्र संगठन आपस में भिड़ गए।
श्री राय के करोड़ीमल कॉलेज पहुंचने पर एनएसयूआई के छात्रों ने उनका स्वागत किया । उन्होंने एनएसयूआई छात्रों को एकजुट रहने का आश्वासन दिया।
एनएसयूआई ने आरोप लगाया श्री राय के आगमन से ठीक पहले एबीवीपी ने हिंसा का सहारा लिया और एनएसयूआई के पूर्वांचल छात्र समर्थकों पर हमला कर कार्यक्रम को बाधित करने की नाकाम कोशिश की।
श्री राय ने कहा, “इससे मुझे अपने कॉलेज के दिन याद आ गए। यह चुनाव छात्रों के भविष्य का है। मैं उनसे एनएसयूआई का समर्थन करने और उसे आगे बढ़ाने में मदद करने का आग्रह करता हूँ। हम उनके और उनके भविष्य के साथ खड़े हैं।”
उन्होंने कहा कि यह स्पष्ट तौर पर एबीवीपी की पूर्वांचल छात्रों के प्रति गहरी नफरत और एनएसयूआई को मिल रहे अपार समर्थन से उनकी बढ़ती चिंता को उजागर करता है।
उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने छात्रों को एक वीडियो संदेश भेजकर आश्वासन दिया कि कोई भी डर और धमकी उनके हौसले को कमजोर नहीं कर सकती।
श्री राय ने कहा एनएसयूआई एबीवीपी की इस गुंडागर्दी की कड़ी निंदा करता है। उन्होंने कहा कि यह याद रखिए छात्र इस हिंसा और धमकी का जवाब अपने वोट की ताकत से देंगे।
श्री राय ने पूर्वांचल छात्रों को संदेश दिया, “एबीवीपी एनएसयूआई को मिल रहे विशाल समर्थन से डर गया है। किरोडीमल कॉलेज में हुई हिंसा इसका प्रमाण है। मैं आपके साथ खड़ा होने आ रहा हूँ।”





