Tuesday, June 2, 2026
spot_img

प्रधानमंत्री योग पुरस्कार-2026 के लिए आवेदन शुरू, विजेताओं को मिलेंगे 25 लाख रुपये

(24×7न्यूजटाइम संवाददाता)
नयी दिल्ली। आयुष मंत्रालय ने योग के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले व्यक्तियों और संस्थानों को सम्मानित करने के लिए प्रधानमंत्री योग पुरस्कार-2026 हेतु आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इच्छुक उम्मीदवार राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
आयुष मंत्रालय की तरफ से जारी आधिकारिक सूचना के अनुसार निवारक स्वास्थ्य पद्धति के रूप में योग को समाज के विभिन्न वर्गों द्वारा अपनाया जा रहा है और कई संस्थान इसे स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्थाओं में भी शामिल कर रहे हैं। योग का समग्र दृष्टिकोण शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक स्वास्थ्य को बढ़ावा देता है, जिससे दुनिया भर में लोगों को लाभ मिल रहा है।
आयुष मंत्रालय के अनुसार, प्रधानमंत्री योग पुरस्कार-2026 का उद्देश्य उन व्यक्तियों और संस्थानों को सम्मानित करना है जिन्होंने योग के प्रचार-प्रसार और विकास में महत्वपूर्ण तथा अनुकरणीय योगदान दिया है। इस सम्मान के माध्यम से योग के क्षेत्र में नवाचार, नेतृत्व और व्यापक जनभागीदारी को प्रोत्साहित करने का प्रयास किया जा रहा है।
पुरस्कार दो श्रेणियों में दिए जाएंगे— पहला व्यक्तिगत श्रेणी (राष्ट्रीय/अंतरराष्ट्रीय) में दो पुरस्कार और दूसरा संस्थागत श्रेणी (राष्ट्रीय/अंतरराष्ट्रीय) में दो पुरस्कार होंगे। इस पुरस्कार के तहत प्रत्येक विजेता को एक ट्रॉफी, प्रमाण पत्र और 25 लाख रुपये की नकद राशि प्रदान की जाएगी। पुरस्कार समारोह आयोजन अंतरराष्ट्रीय योग सम्मेलन के दौरान किया जाएगा।
मंत्रालय की पात्रता शर्तों के अनुसार आवेदक के पास योग का गहन ज्ञान और समृद्ध अनुभव होना आवश्यक है। व्यक्तिगत श्रेणी में आवेदन के लिए न्यूनतम आयु 30 वर्ष निर्धारित की गई है। साथ ही योग के प्रचार-प्रसार में कम से कम 10 वर्षों का उत्कृष्ट और निष्कलंक योगदान होना अनिवार्य है।
आवेदन 21 फरवरी से शुरू हो गया है और इसकी अंतिम तिथि 21 मार्च है। मंत्रालय के अनुसार आवश्यकता पड़ने पर आवेदन की अंतिम तिथि 15 दिनों तक बढ़ाई जा सकती है। मंत्रालय के अनुसार निर्धारित समयसीमा के बाद प्राप्त आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
मंत्रालय ने पात्र व्यक्तियों और संस्थानों से समय सीमा के भीतर आवेदन करने की अपील की है, ताकि योग के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया जा सके।

spot_img

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img

Latest Articles