(24×7न्यूजटाइम संवाददाता)
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) केंद्रीय चुनाव समिति की रविवार को बैठक में बिहार विधानसभा चुनाव में पार्टी उम्मीदवारों के नामों पर मंथन के साथ चुनावी रणनीति बनाने और अधिक से अधिक सीटों के जीतने पर गहन चर्चा हुयी।
ढाई घंटे से अधिक चली और रात नौ बजे संपन्न बैठक में लिए गए निर्णयों की आधिकारिक जानकारी भाजपा की तरफ से जारी नहीं की गयी है।
सूत्रों के मुताबिक राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के सीट बंटवारे के बाद भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में लिए गए फैसलों की आधिकारिक जानकारी सोमवार को पटना में दिए जाने की संभावना है। पटना में कल शाम चार बजे राजग की संयुक्त प्रेसवार्ता होगी और इसमें राजग उम्मीदवारों के नाम के साथ स्टार प्रचारकों और साझा चुनावी रणनीति का ऐलान किया जा सकता है।
भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में सूत्रों के मुताबिक पार्टी 101 सीटों पर अपने उम्मीदवारों के नाम पर गहन चर्चा के साथ उसे अंतिम रूप देने श्री मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा समेत दिग्गज नेताओं के जनसभाओं, चुनावी रणनीति, प्रचार सामग्री, स्टार प्रचारकों की सूची और अन्य मुद्दों पर मंथन के बाद अंतिम रूप दिया गया। बैठक में श्री शाह , श्री नड्डा ,रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस समेत तमाम बड़े नेता पार्टी मुख्यालय पहुंचे। इसमें बिहार चुनाव के भाजपा प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान, बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, बिहार भाजपा अध्यक्ष दिलीप जायसवाल समेत कई प्रमुख नेता मौजूद हैं।
इस बीच सीट बंटवारे पर हम पार्टी के प्रमुख जीतन राम मांझी ने कहा, ” पार्टी को छह सीट मिलने पर हम संतुष्ट हैं, हमें न कोई नाराजगी है और न ही कोई शिकायत। यह आलाकामान का निर्णय है, इसे हम स्वीकार करते हैं।” लोजपा नेता चिराग पासवान और रालोमो प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा ने भी राजग टिकट बंटवारे को आपसी सहमति और सौहार्द के साथ लिया गया निर्णय बताया है।





