(24×7न्यूजटाइम संवाददाता)
नयी दिल्ली। कांग्रेस ने सोलर मॉड्यूल्स पर 125.87 प्रतिशत शुल्क करने के अमेरिका के फैसले पर कहा है कि सरकार को फिलहाल समझौता स्थगित कर अमेरिका को करारा जवाब देना चाहिए।
कांग्रेस संचार विभाग के प्रभारी जयराम रमेश ने बुधवार को यहां एक बयान में कहा “यह अत्यंत आश्चर्यजनक है कि अमेरिका ने भारत से आयात किए जाने वाले सोलर मॉड्यूल्स पर 125.87 प्रतिशत शुल्क लगा दिया है। इससे अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की उस प्रतिबद्धता के बारे में क्या संकेत मिलता है, जिसे उन्होंने भारत-अमेरिका व्यापार समझौते के संदर्भ में शब्दों और भावना में जताया था और जिसकी नई दिल्ली में उनके अच्छे मित्र ने भारत के निर्यात के लिए नए अवसर खुलने के रूप में खूब प्रशंसा की थी।”
उन्होने समझौते को एकतरफा बताते हुए लिखा “दरअसल यह समझौता स्पष्ट रूप से एकतरफा है। भारत के लिए अमेरिका से आयात तो आसान किए जाएंगे लेकिन अमेरिका को निर्यात अमेरिकी राष्ट्रपति की मनमर्जी पर निर्भर रहेगा अब आगे बढ़ने का केवल एक ही रास्ता है-भारत को साहस दिखाते हुए इस समझौते को फिलहाल स्थगित कर देना चाहिए और उसे ठंडे बस्ते में डाल देना चाहिए।”





