Tuesday, June 2, 2026
spot_img

बीजेपी के छोटे नेताओं का भी पेट बड़ा हो गया, कार्यकर्ता वहीं के वहीं रह गये : पटवारी

(24×7न्यूजटाइम संवाददाता)
खरगोन। मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला करते हुए कहा कि भ्रष्टाचार के कारण भाजपा के छोटे-छोटे नेताओं का भी पेट बड़ा हो गया है, जबकि कार्यकर्ता वहीं के वहीं रह गए हैं।
कल जिले के विभिन्न स्थानों पर प्रवास के दौरान उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा कार्यकर्ताओं के खून-पसीने की कमाई लूट रही है और सत्ता के संरक्षण में भ्रष्टाचार फल-फूल रहा है।
श्री पटवारी ने पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि भाजपा के नेता और मंत्री लगातार महिलाओं व देश का अपमान कर रहे हैं, लेकिन पार्टी उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं करती। उन्होंने मंत्री विजय शाह के मामले का उल्लेख करते हुए कहा कि सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणी के बावजूद न तो उनके खिलाफ मुकदमा चला और न ही मंत्री पद से हटाने की कार्रवाई हुई।
उन्होंने इंदौर के भागीरथपुरा में हुई मौतों पर मंत्री कैलाश विजयवर्गीय की टिप्पणी और कफ सिरप से 26 मौतों के मामले में स्वास्थ्य मंत्री के इस्तीफे की मांग दोहराई। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के 13 मंत्री भ्रष्टाचार के मामलों में घिरे हुए हैं, लेकिन पार्टी ऐसे निष्क्रिय बैठी है जैसे, “चूहा खाने के बाद अजगर पड़ा रहता है।”
उन्होंने कहा कि अहंकार की पराकाष्ठा से रावण नहीं बचा तो भाजपा क्या चीज है। प्रदेश का बेरोजगार युवा सब देख रहा है। खरगोन में टंट्या मामा की मूर्ति स्थापना से जुड़े कथित घोटाले पर उन्होंने कहा कि भाजपा और भ्रष्टाचार का चोली-दामन का साथ है और बिना 50 प्रतिशत कमीशन के कोई योजना पूरी नहीं होती।
इसके बाद भीकनगांव में आयोजित किसान न्याय सम्मेलन को संबोधित करते हुए श्री पटवारी ने कहा कि किसान देश की मूल भावना है। सरहद पर जवान और खेतों में किसान दोनों समान रूप से महत्वपूर्ण हैं, लेकिन किसानों के साथ अन्याय हो रहा है। उन्होंने बिंजलवाड़ा सिंचाई परियोजना में भारी भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कहा कि 2021 में पूरी होने वाली 745 करोड़ की योजना का बजट बढ़ाकर 821 करोड़ रुपये खर्च कर दिए गए, फिर भी किसान आज तक खेतों में पानी का इंतजार कर रहे हैं। सरकार ने कागजों में 98 प्रतिशत काम पूरा दिखाकर भुगतान कर दिया, जबकि जमीनी हकीकत अलग है।

spot_img

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img

Latest Articles