Tuesday, June 2, 2026
spot_img

मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान में बेहतर प्रदर्शन करने वाले पांच जिलाधिकारी सम्मानित

(24×7न्यूजटाइम संवाददाता)
लखनऊ। उत्तर प्रदेश दिवस के अवसर पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान (सीएम युवा) के तहत बेहतर प्रदर्शन करने वाले पांच जिलों के जिलाधिकारियों को सम्मानित किया।
राष्ट्रीय प्रेरणा स्थल पर आयोजित कार्यक्रम में श्री शाह ने ‘एक जनपद-एक व्यंजन’ (ओडीओसी) का शुभारंभ किया। मुख्य समारोह में इस पर आधारित लघु फिल्म भी दिखाई गई। ‘विकसित भारत-विकसित उत्तर प्रदेश’ थीम पर आयोजित समारोह में उत्तर प्रदेश का गौरव बढ़ाने वाली पांच प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। पुरस्कार स्वरूप उन्हें 11 लाख रुपये, अंगवस्त्र, स्मृति चिह्न व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान (सीएम युवा) के तहत बेहतर प्रदर्शन करने वाले पांच जनपदों के जिलाधिकारी भी सम्मानित किए गए। केंद्रीय गृह मंत्री ने ‘सरदार वल्लभभाई पटेल एम्प्लॉयमेंट एंड इंडस्ट्रियल जोन’ योजना का भी शुभारंभ किया।
गृह मंत्री के हाथों विंग कमांडर शुभांशु शुक्ल को अंतरिक्ष यात्रा,अलख पांडेय को शिक्षा, उद्यमिता व स्वावलंबन के क्षेत्र में, सुश्री रश्मि आर्य को शिक्षा एवं नवाचार के लिये,डॉ. हरिओम पंवार को साहित्य तथा डॉ. सुधांशु सिंह को कृषि क्षेत्र में उत्तर प्रदेश गौरव सम्मान से अलंकृत किया गया। इसके अलावा सीएम युवा योजना के तहत बेहतर प्रदर्शन करने वाले डीएम जौनपुर डॉ. दिनेश चंद्र,डीएम आजमगढ़ रवींद्र कुमार, डीएम हरदोई अनुनय झा, डीएम अंबेडकरनगर अनुपम शुक्ल और डीएम झांसी मृदुल चौधरी को सम्मानित किया गया। राष्ट्र प्रेरणा स्थल के मंच पर यूपी दिवस पर सबसे पहले वंदे मातरम् का गान हुआ। इसके उपरांत अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान थीम सांग ‘उत्तर प्रदेश-उत्तम प्रदेश’ ने उत्तर प्रदेश की महिमा का वर्णन किया। इसके पश्चात राष्ट्र प्रेरणा स्थल के मंच पर ‘संपूर्ण उत्तर प्रदेश’ उतर पड़ा, जब ब्रज, बुंदेली, अवधी, भोजपुरी बोलियों के ‘सांस्कृतिक संगम’ में अतिथियों व दर्शकों ने आनंद की डुबकी लगाई। विभिन्न अंचलों से आए कलाकारों ने अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से हर किसी का दिल जीत लिया।
गृह मंत्री अमित शाह ने राष्ट्र प्रेरणा स्थल पर तीनों महापुरुषों (श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पं. दीनदयाल उपाध्याय व अटल बिहारी वाजपेयी) की प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि अर्पित की। उन्होंने शिल्प मेला, ओडीओसी व्यंजन मेला व ‘विकसित भारत-विकसित उत्तर प्रदेश’ पर आधारित प्रदर्शनी का भी उद्घाटन किया। इस अवसर पर ‘विकसित भारत-विकसित उत्तर प्रदेश’ पर आधारित लघु फिल्म का प्रदर्शन भी किया गया। गृह मंत्री अमित शाह व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश दिवस के मंच पर ‘सरदार वल्लभभाई पटेल एम्प्लॉयमेंट एंड इंडस्ट्रियल जोन’ योजना का भी शुभारंभ किया। युवाओं के लिए रोजगार व उद्योग को बढ़ावा देने वाली इस योजना पर आधारित लघु फिल्म भी दिखाई गई।

spot_img

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img

Latest Articles