मुर्मू, मोदी, सोनिया, खड़गे, बिरला समेत अनेक नेताओं ने अजीत पवार के निधन पर शोक व्यक्त किया
(24×7न्यूजटाइम संवाददाता)
नयी दिल्ली। महाराष्ट्र के बारामती में बुधवार सुबह उपमुख्यमंत्री अजीत पवार समेत पांच लोगों की एक विमान हादसे में मौत हो गयी। नागरिक उड्डयन महानिदेशालय के एक शीर्ष अधिकारी ने ’24ग7 न्यूजटाइम’ को बताया कि विमान में चालक दल के दो सदस्य और तीन यात्री सवार थे। रनवे पर उतरते समय विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया और उसमें आग लग गयी। हादसे में सभी पांच सवारों की मौत हो गयी। यह वीएसआर वेंचर्स का छोटा लीयरजेट विमान था। जानकारी के मुताबिक, विमान मुंबई से बारामती जा रहा था। दुर्घटना के कारणों की अभी जानकारी नहीं मिल सकी है। दूसरी ओर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कांग्रेस की नेता सोनिया गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मलिकार्जुन खड़गे समेत अनेक नेताओं ने महाराष्ट्र के बारामती में हुई दुखद विमान दुर्घटना और उपमुख्यमंत्री अजित पवार के असामयिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। श्री मोदी ने इस घटना को अत्यंत चौंकाने वाला और दुखद बताते हुए दिवंगत आत्माओं के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट की हैं।





