लखनऊ(24×7न्यूजटाइम संवाददाता)। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के हाई-सिक्योरिटी वाले वीवीआईपी जोन में सोमवार सुबह दुबग्गा डिपो के चार संविदा सिटी बस परिचालकों ने मुख्यमंत्री आवास के निकट आत्मदाह का प्रयास किया। हालांकि मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों और गौतमपल्ली थाना पुलिस ने समय रहते हस्तक्षेप कर चारों को हिरासत में ले लिया। पुलिस के अनुसार सभी सुरक्षित हैं और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था सामान्य है।
परिचालकों के मुताबिक दुबग्गा सिटी बस स्टेशन पर तैनात करीब 350 संविदा कर्मचारियों को प्रशासन सीधे संविदा से हटाकर ‘एस’ नामक निजी कंपनी के अधीन कर रहा है। उनका आरोप है कि नई व्यवस्था में वेतन 18,600 से घटाकर 11,000 कर दिया गया है। पिछले कई दिनों से वे अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे। सोमवार करीब 11 बजे मांगों पर सुनवाई न होने पर चार परिचालक सीएम आवास की ओर बढ़े और ज्वलनशील पदार्थ छिड़ककर आत्मघाती कदम उठाने का प्रयास किया। हिरासत में लिए गए परिचालकों की पहचान अभिषेक शत्रु (गोंडा), ज्ञानेंद्र रावत (उन्नाव), नितिन श्रीवास्तव (कानपुर) और मुकेश सिंह (औरैया) के रूप में हुई है। पूछताछ में उन्होंने बताया कि 2021 में यूपी परिवहन विभाग में संविदा भर्ती के बाद उन्हें 18,600 रुपये वेतन मिलता था। अब नई कंपनी की शर्तों के तहत वेतन आधी करने से परिवार के भरण-पोषण पर संकट आ गया है।





