जर्मन चांसलर फ्रेडरिक मर्ज भारत यात्रा आएंगे , मोदी 12 जनवरी को अहमदाबाद में स्वागत करेंगे

0
212

(24×7न्यूजटाइम संवाददाता)
नयी दिल्ली । जर्मन चांसलर फ्रेडरिक मर्ज आगामी 12-13 जनवरी को दो दिवसीय भारत यात्रा पर आयेंगे।
जर्मन चांसलर फ्रेडरिक मर्ज की भारत की यह पहली आधिकारिक यात्रा होगी। वह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के निमंत्रण पर यहां आ रहे हैं। श्री मोदी 12 जनवरी को अहमदाबाद में उनका स्वागत करेंगे।
यह यात्रा ऐसे समय हो रही है जब श्री मोदी 11 जनवरी को राजकोट में मारवाड़ी यूनिवर्सिटी में वाइब्रेंट गुजरात रीजनल कॉन्फ्रेंस का उद्घाटन करेंगे, जिससे गुजरात के सौराष्ट्र और कच्छ क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर निवेश आकर्षित होने की उम्मीद है। गौरतलब है कि इस दौरान गुजरात में रंगारंग अंतर्राष्ट्रीय पतंग महोत्सव का भी आयोजन किया जाएगा। श्री मोदी के अहमदाबाद में पतंग महोत्सव में शामिल होने और शहर में साबरमती रिवरफ्रंट पर आयोजित अहमदाबाद अंतर्राष्ट्रीय पुष्प प्रदर्शनी 2026 का दौरा करने की भी उम्मीद है।
एक बयान के अनुसार श्री मोदी और जर्मन चांसलर भारत-जर्मनी रणनीतिक साझेदारी के विभिन्न पहलुओं में हुई प्रगति की समीक्षा करेंगे, जिसने पिछले साल 25 साल पूरे किए हैं। बयान में कहा गया है कि चर्चा व्यापार और निवेश, प्रौद्योगिकी, शिक्षा, कौशल और गतिशीलता में सहयोग को और तेज करने पर केंद्रित होगी। साथ ही रक्षा और सुरक्षा, विज्ञान, नवाचार और अनुसंधान, हरित और सतत विकास, और लोगों के बीच संबंधों के महत्वपूर्ण क्षेत्रों में सहयोग को आगे बढ़ाया जाएगा।
प्रधानमंत्री और मर्ज व्यापार और उद्योग जगत के नेताओं के साथ भी बातचीत करेंगे और क्षेत्रीय और वैश्विक महत्व के मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान करेंगे। यह यात्रा उच्चतम राजनीतिक स्तर पर नियमित बातचीत से बनी गति को और आगे बढ़ाएगी। यह दोनों देशों के लोगों और व्यापक वैश्विक समुदाय के लाभ के लिए एक दूरंदेशी साझेदारी बनाने के भारत और जर्मनी के साझा दृष्टिकोण की पुष्टि करने का एक मूल्यवान अवसर प्रदान करेगा। श्री मोदी और चांसलर मर्ज आखिरी बार कनाडा में जी-7 शिखर सम्मेलन के मौके पर मिले थे। उस दौरान दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय रणनीतिक साझेदारी का और विस्तार करने पर सहमति व्यक्त की थी। श्री मोदी ने तब जर्मन चांसलर को भारत की आधिकारिक यात्रा के लिए आमंत्रित किया था। जर्मन चांसलर बेंगलुरु का भी दौरा करेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here