(24×7न्यूजटाइम संवाददाता)
नई दिल्ली। भारतीय सेना के 120 जवानों का एक दल भारत-ऑस्ट्रेलिया संयुक्त सैन्य अभ्यास ऑस्ट्राहिंड 2025 के चौथे संस्करण में भाग लेने के लिये ऑस्ट्रेलिया के पर्थ में इरविन बैरक के लिये शनिवार को रवाना हुआ।
रक्षा मंत्रालय ने रविवार को एक बयान में कहा कि यह अभ्यास 13 से 26 अक्टूबर तक के लिये निर्धारित है। भारतीय सेना के इस दल का नेतृत्व गोरखा राइफल्स की एक बटालियन तथा अन्य सेनाओं और सेवाओं के जवान कर रहे हैं। वार्षिक अभ्यास ऑस्ट्राहिंड 2025 का उद्देश्य दोनों देशों के बीच सैन्य सहयोग को बढ़ाना, अंतर-संचालन में सुधार करना और भाग लेने वाली सेनाओं को शहरी और अर्ध-शहरी इलाकों में उप-पारंपरिक युद्ध के क्षेत्र में रणनीति, तकनीक और प्रक्रियाओं का आदान-प्रदान करने के लिये एक मंच पर लाना है।
बयान के मुताबिक यह अभ्यास खुले और अर्ध-रेगिस्तानी इलाकों में संयुक्त कंपनी स्तर के अभियानों पर केंद्रित होगा, जहाँ सैनिक संयुक्त योजना, सामरिक अभ्यास और विशेष हथियार कौशल जैसे विभिन्न अभियानों में शामिल होंगे। यह क्षमताओं को निखारने, उभरती तकनीकों को एकीकृत करने और युद्ध के माहौल में संयुक्त रूप से संचालन करने का एक मूल्यवान अवसर प्रदान करेगा।यह अभ्यास रक्षा सहयोग को और मजबूत करेगा तथा भारतीय और ऑस्ट्रेलियाई सेना के जवानों के बीच सौहार्द को बढ़ावा देगा, जिससे सहयोग और आपसी विश्वास की भावना मजबूत होगी।





