लखनऊ(24×7न्यूजटाइम संवाददाता)। उत्तर प्रदेश भाजपा में संगठनात्मक बदलाव को लेकर सरगर्मी बढ़ गई है। प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी इस समय दिल्ली में हैं, जहां संगठन से जुड़ी कई महत्वपूर्ण बैठकों का दौर चलने की संभावना है। पार्टी सूत्रों का कहना है कि नई टीम में कई नए चेहरों के साथ ही कुछ वरिष्ठ नेताओं के पुत्रों को भी जगह दी जा सकती है। सूत्रों के अनुसार, दिल्ली पहुंचे पंकज चौधरी भाजपा महासचिव विनोद तावड़े के साथ संगठन विस्तार और नई टीम के गठन पर विस्तार से चर्चा करेंगे। इसके साथ ही संघ मुख्यालय में भी उनकी कुछ अहम मुलाकातें प्रस्तावित हैं। नए पदाधिकारियों के नामों पर संघ की राय भी ली जाएगी। इन बैठकों को प्रदेश भाजपा के नए स्वरूप से जोड़ा जा रहा है।
सूत्रों का दावा है कि ‘टीम पंकज’ में कई मौजूदा पदाधिकारियों की छुट्टी हो सकती है। बदलाव के तहत रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के पुत्र पंकज सिंह की जगह उनके बड़े पुत्र नीरज सिंह को संगठन में अहम जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है।
संगठन में लंबे समय से सक्रिय संजय राय को भी हटाया जा सकता है। वहीं, जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा के बेटे अभिनव सिन्हा को संगठन में नई जिम्मेदारी मिलने की संभावना है। दरअसल, भाजपा 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले बूथ से प्रदेश स्तर तक संगठन को और मजबूत करने में जुटी है। नई टीम में नए चेहरों के साथ सामाजिक समीकरण और क्षेत्रीय संतुलन का भी खास ध्यान रखा जा रहा है। इसी को लेकर लगातार मंथन चल रहा है। इससे पहले राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, महामंत्री संगठन बीएल संतोष और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत कई वरिष्ठ नेताओं के साथ प्रदेश टीम और केंद्रीय टीम में यूपी के नेताओं को लेकर चर्चा हो चुकी है। पंकज चौधरी की मौजूदा दिल्ली यात्रा के बाद नए संगठनात्मक ढांचे की तस्वीर साफ होने की उम्मीद है।





