मोदी बोले मैक्रों को पसंद आई मुंबई, फ्रांसीसी राष्ट्रपति ने सुबह मरीन ड्राइव पर जॉगिंग भी की

0
222

(24×7न्यूजटाइम संवाददाता)
नयी दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भारत यात्रा पर आए फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ द्विपक्षीय वार्ता से पहले हुई मुलाकात को शानदार बताते हुए कहा कि श्री मैक्रों को फिल्म नगरी पसंद आयी है और उन्होंने सुबह-सुबह जाॅगिंग का भी मजा लिया।
श्री मोदी ने मंगलवार को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि फ्रांस के राष्ट्रपति और मित्र इमैनुएल मैक्रों से मिलकर काफी खुशी हुई और उन्हें मुंबई वास्तव में ही बेहद पसंद आयी।
श्री मोदी ने कहा , ” मेरे मित्र राष्ट्रपति मैक्रों से मुंबई में मिलकर खुशी हुई। उन्होंने मुझे बताया कि उन्हें शहर पसंद आया और उन्होंने सुबह दौड़ का भी मजा लिया। ”
उल्लेखनीय है कि सोमवार देर रात मुंबई पहुंचे श्री मैक्रों ने मंगलवार सुबह यहां अपनी व्यस्त दिनचर्या की शुरुआत मुंबई की बेहद मशहूर ‘मरीन ड्राइव’ पर सुबह की सैर के साथ की।
फ्रांसीसी नेता, 17 से 19 फरवरी तक की तीन दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर यहां आए हुए हैं। उन्होंने श्री मोदी के साथ आज निर्धारित बैठक से पहले अपनी नियमित फिटनेस के लिए समय निकाला। मरीन ड्राइव पर सुबह-सुबह टहलने वालों ने पहले तो इस राष्ट्रप्रमुख को नहीं पहचाना।
लेकिन जब यह खबर फैली तो कई दर्शक इस क्षण को अपने मोबाइल में कैद करने लगे। श्री मैक्रों का जनता के साथ सामान्य आदमी की तरह बातचीत करने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here