(24×7न्यूजटाइम संवाददाता)
लखनऊ। समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गुरुवार को नोएडा से जुड़े मुद्दे पर बात करते हुए कहा कि दिल्ली से सटे इस इलाके में कारोबारी और निवेशक तो आ रहे हैं, लेकिन जिन किसानों की जमीन पर ये कारोबार फल-फूल रहा है, उनकी मांगें पूरी नहीं हो रही हैं।
उन्होने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार षड्यंत्र और दबाव बनाकर किसानों से ज़मीन ले रही है’। उन्होंने कहा “ हमारी सरकार आने पर किसानों को सर्किल रेट से अधिक मुआवज़ा मिलेगा और नोएडा से लखनऊ तक बेहतर सड़कें बनाई जाएंगी।”
गुरुवार को बसपा व अपना दल एस के कई नेता व समर्थकों ने समाजवादी पार्टी में आस्था जताते हुए सदस्यता ग्रहण की। इस मौके पर प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस के दौरान अखिलेश यादव ने कहा कि किसानों के साथ अन्याय की कीमत पर विकास को सही नहीं ठहराया जा सकता। उन्होंने कहा कि नोएडा इंटरनेशनल ट्रेड फेयर का आयोजन ऐसे वक्त पर हो रहा है जब अमेरिका टैरिफ लगा रहा है और भारतीय कारोबार को भारी नुकसान झेलना पड़ रहा है। ओडीओपी को बचाने के लिए सरकार को बताना चाहिए कि वह क्या कर रही है।
उन्होंने कहा कि मंहगाई लगातार बढ़ रही है। इस पर काबू पाने के लिए कोई इंतजाम नही है। उन्होंने ऐलान किया कि 2027 में सपा की सरकार बनने पर नेताजी और डॉ. लोहिया की ‘दाम बांधो’ नीति लागू की जाएगी, ताकि महंगाई पर काबू पाया जा सके।





