(24×7न्यूजटाइम संवाददाता)
नयी दिल्ली । भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने गुरुवार को कहा कि संवैधानिक संस्थाओं एवं लोकतंत्र पर प्रहार करके कांग्रेस नेता राहुल गांधी देश में अस्थिरता पैदा कर बांग्लादेश और नेपाल जैसे हालात पैदा करना चाहते हैं।
पार्टी मुख्यालय में भाजपा नेता अनुराग ठाकुर ने यहां श्री गांधी के वोट चोरी के आरोप पर पलटवार करते हुए कहा कि 90 चुनाव हारने में बाद कांग्रेस और उनके प्रमुख नेता हताश हैं जिसके चलते निराधार आरोप लगाना श्री गांधी की अब आदत बन गयी है। श्री ठाकुर ने कहा कि श्री गांधी का चुनाव आयोग पर ताजा आरोप “हाइड्रोजन बम की जगह फूलझड़ी” साबित हुआ है।
श्री ठाकुर के मुताबिक आयोग ने कहा है कि ऑनलाइन किसी का वोट नही काटा जा सकता है। उन्होंने कहा श्री गांधी से जब, लगाए गये आरोपों को साबित करने के लिए कहा जाता है तब वह पीछे हट जाते हैं, शपथ पत्र देने को कहा जाता है, तो मुकर जाते हैं और निराधार आरोप लगाना उनकी आदत बन गई है। श्री ठाकुर ने पलटवार करते हुए कहा कि श्री गांधी के बयानों में बार बार कहा गया कि वह घुसपैठियों के साथ हैं और एससी-ओबीसी का वोट काटना चाहते हैं।
भाजपा नेता ने श्री गांधी पर आरोप लगाते हुए कहा कि बार-बार संवैधानिक संस्थाओं और चुनाव आयोग पर गलत और निराधार आरोप लगाना, कभी वीवीपैट , कभी ईवीएम , कभी चुनावी नतीजों पर प्रश्नचिह्न खड़ा करना, कभी टूलकिट के सहारे भारत की संवैधानिक संस्थाओं की विश्वसनीयता पर सवाल उठाना… उनकी आदत बन चुकी है।
श्री ठाकुर ने कहा, “श्री गांधी ने कहा कि हम लोकतंत्र बचाने नहीं आए… तो क्या लोकतंत्र को बर्बाद करने की तैयारी है।” जबकि श्री राहुल गांधी ने कहा था, ”देखिए,मैंने कहा कि मेरा काम एज अपोजिशन लीडर, नार्मल सिचुएशन में में मेरा काम अपोजिशन का रोल है, सरकार पर प्रेशर डालने का रोल है। मेरा काम हिंदुस्तान के लोकतंत्र को बचाने का नहीं है, मैं अपना काम कर रहा हूं।”
भाजपा नेता कहा कि राहुल को नियमों के बारे में कुछ नहीं पता है। इसके अलावा चुनाव आयोग ने भी कांग्रेस नेता राहुल गांधी के इस आरोप को गलत बताया है कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार वोट चोरों को बचा रहे हैं। चुनाव आयोग ने अपने बयान में श्री गांधी के आरोपों को गलत और निराधार बताया है।
श्री ठाकुर ने कहा कि राहुल गांधी हाइड्रोजन बम का धमाके करने के बजाय ड्रामा करके चले गए। भाजपा सांसद ने कहा कि आरोप लगाने वाले राहुल गांधी को हर हर मामले में सिर्फ फटकार ही मिली है। चाहे वो राफेल खरीद का, चौकीदार चोर का, राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ या वीर सावरकर के खिलाफ बोलने का मामला हो, इन सभी मामले में श्री गांधी को अदालत से फटकार ही मिली है। उन्होंने कहा कि हमेशा कीचड़ उछालना और भाग जाना श्री गांधी का तरीका है।
भाजपा नेता ने श्री गांधी पर देश की संवैधानिक संस्थाओं पर झूठे आरोप लगाने, लोकतंत्र को कमजोर करने और नागरिकों को गुमराह करने का आरोप लगाते हुए कहा कि देश में बांग्लादेश और नेपाल जैसे हालात पैदा करना चाहते हैं।
श्री ठाकुर ने कहा कि अवैध मतदाताओं (घुसपैठियों) को बचाने के लिए यह सब किया जा रहा है। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर आरोप लगाने पर चुनाव आयोग का बचाव करते हुए पूर्व चुनाव आयुक्तों एमएस गिल, टीएन शेषन समेत कई अधिकारियों पर सेवानिवृत्त होने के बाद राजनीति में आने और पार्टी में शामिल होने पर भी सवाल उठाए।
पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा कि 2023 में अलंद विधानसभा क्षेत्र से मतदाता सूची से नाम हटाने का असफल प्रयास किया गया था। जिस पर स्वयं चुनाव आयोग ने एफआईआर दर्ज करने का निर्देश दिया था। चुनाव आयोग पहले ही मोबाइल नंबर और आईपी एड्रेस उपलब्ध करा चुका है। इतना सब होने के बाद कांग्रेस शासित कर्नाटक की सीआईडी ने अब तक क्या किया है। उन्होंने कहा कि रिकॉर्ड के अनुसार, अलंद विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस उम्मीदवार जीता था। तो क्या कांग्रेस वोट चुराकर जीती।





