Saturday, June 13, 2026
spot_img

गणतंत्र दिवस संविधान की मजबूती और बलिदानियों को स्मरण करने का दिन : पंकज चौधरी

(24×7न्यूजटाइम संवाददाता)
लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने कहा है कि गणतंत्र दिवस केवल एक तिथि नहीं, बल्कि देश की संवैधानिक व्यवस्था को मजबूत करने का संकल्प और अमर बलिदानियों के त्याग को स्मरण करने का अवसर है।
सोमवार को 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर भाजपा के प्रदेश मुख्यालय में ध्वजारोहण के बाद श्री चौधरी ने कहा कि 26 जनवरी 1950 को भारत का संविधान लागू हुआ और देश एक संप्रभु गणतंत्र बना। जिन स्वतंत्रता सेनानियों और क्रांतिकारियों ने जिस भारत के लिए अपने प्राण न्योछावर किए, उनके सपनों के भारत की आत्मा संविधान में निहित है। उन्होंने कहा कि संविधान ही देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों का आधार है।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में बीते 11 वर्षों से केंद्र सरकार और लगभग नौ वर्षों से उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार संविधान की मूल भावना के अनुरूप कार्य कर रही है। गरीबों को आवास, शौचालय, बिजली, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराकर उनके सशक्तिकरण का कार्य किया गया है, वहीं भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा भी अभूतपूर्व रूप से बढ़ी है।
उन्होंने कहा कि सांस्कृतिक राष्ट्रवाद के माध्यम से भारत की सांस्कृतिक चेतना को विश्व पटल पर नई पहचान मिली है। विज्ञान और तकनीक के क्षेत्र में भारत ने ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं, जिनमें चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर सफल लैंडिंग एक गौरवपूर्ण उदाहरण है, जिसे विश्व का कोई अन्य देश पहले प्राप्त नहीं कर सका।
पंकज चौधरी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की स्थापना सत्ता प्राप्ति के लिए नहीं, बल्कि राष्ट्र सेवा के उद्देश्य से हुई है और बीते वर्षों में सरकार की योजनाओं में यह स्पष्ट रूप से परिलक्षित होता है। उन्होंने सभी क्रांतिकारियों, स्वतंत्रता सेनानियों और संविधान निर्माताओं को नमन करते हुए देश की थल, जल और वायु सेनाओं के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। साथ ही अर्धसैनिक बलों और पुलिस बल की भी सराहना की, जिनके प्रयासों से देश की सीमाएं और आंतरिक सुरक्षा सुरक्षित है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में संविधान और अधिक सशक्त हुआ है। मोदी काल में हुए संशोधन संविधान की मूल भावना के अनुरूप और राष्ट्रहित में रहे हैं। एक देश–एक कर, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग को आरक्षण, जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 की समाप्ति और महिलाओं को आरक्षण जैसे ऐतिहासिक निर्णयों से भारत एक सशक्त राष्ट्र के रूप में उभरा है।
इस अवसर पर प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने कहा कि गणतंत्र दिवस संविधान की गरिमा, लोकतंत्र की शक्ति और राष्ट्र सेवा के दायित्व का स्मरण कराता है। उन्होंने कहा कि न्याय, समानता और बंधुत्व का भाव ही भारत की आत्मा है और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश आत्मनिर्भर भारत और सर्वांगीण विकास के पथ पर निरंतर अग्रसर है।
कार्यक्रम में प्रदेश उपाध्यक्ष, महामंत्री, मंत्री, पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

spot_img

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img

Latest Articles