सैनिक करें देश की सेवा, परिवार की जिम्मेदारी सरकार की: योगी

0
176

लखनऊ, (24×7न्यूजटाइम संवाददाता)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को आयोजित ‘जनता दर्शन’ में आए सैनिकों को आश्वस्त करते हुए कहा कि वे निश्चिंत होकर देश की सेवा करें, उनके परिवार की सुरक्षा, सम्मान और देखभाल की जिम्मेदारी सरकार की है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार 25 करोड़ जनता की सेवा, सहूलियत और सुरक्षा को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री ने जनता दर्शन में उपस्थित सैनिकों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और अधिकारियों को निर्देश दिया कि सीमा एवं आंतरिक सुरक्षा में तैनात जवानों के मामलों को प्राथमिकता देते हुए समयसीमा के भीतर उनका उचित समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जवानों और उनके परिवारों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। कार्यक्रम में विभिन्न जनपदों से आए लोगों ने पुलिस, जमीनी विवाद, आर्थिक सहायता और स्थानांतरण से जुड़े प्रकरण भी प्रस्तुत किए।
मुख्यमंत्री ने एक-एक प्रार्थना पत्र लेकर संबंधित अधिकारियों को तय समय में निस्तारण के निर्देश दिए। जमीनी विवादों के मामलों में योगी ने कहा कि सभी पक्षों को सुनकर नियमानुसार निष्पक्ष कार्रवाई की जाए। वहीं, इलाज के लिए आर्थिक सहायता मांगने वाले परिवारों को उन्होंने अस्पताल से अनुमानित खर्च (एस्टिमेट) तैयार कर आवेदन करने की सलाह दी और भरोसा दिलाया कि धन के अभाव में किसी भी मरीज का इलाज नहीं रुकने दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने दोहराया कि सरकार हर जरूरतमंद के साथ खड़ी है और जनसमस्याओं के त्वरित व प्रभावी समाधान के लिए प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों को पूरी संवेदनशीलता के साथ कार्य करना चाहिए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here