Tuesday, June 2, 2026
spot_img

बैतूल में मनी लॉन्ड्रिंग मामले में भाजपा नेता जुबेर पटेल के निवास पर ईडी का छापा

(24×7न्यूजटाइम संवाददाता)
बैतूल। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने शुक्रवार को बैतूल जिले के ग्राम डहरगांव स्थित भाजपा नेता जुबेर पटेल के निवास पर छापा मारकर हड़कंप मचा दिया। यह कार्रवाई मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े एक मामले में की गई है। ईडी की 12 सदस्यीय टीम महाराष्ट्र के नागपुर से बैतूल पहुंची और पूरी कार्रवाई को अत्यंत गोपनीय तरीके से अंजाम दिया।
सूत्रों के अनुसार बैतूल में की गई यह कार्रवाई नागपुर में चल रही एक बड़ी जांच का हिस्सा है। इसी क्रम में ईडी ने नागपुर सहित अन्य स्थानों पर भी एक साथ दबिश दी है। डहरगांव स्थित निवास पर चल रही कार्रवाई के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे और मौके पर सीआरपीएफ के जवान तैनात रहे।
बैतूल पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र जैन ने ईडी की कार्रवाई की पुष्टि करते हुए बताया कि यह छापा नागपुर से आई ईडी टीम द्वारा डाला गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि ईडी ने स्थानीय पुलिस से किसी प्रकार की सहायता नहीं मांगी और न ही जिला प्रशासन को इस कार्रवाई की पूर्व सूचना दी गई थी।
बताया गया है कि जुबेर पटेल खेड़ी सांवलीगढ़ भाजपा मंडल में मंत्री हैं। इसके अलावा वे एक सहकारी समिति के अध्यक्ष होने के साथ सिविल कॉन्ट्रेक्टर और प्रॉपर्टी व्यवसाय से भी जुड़े हुए हैं। राजनीतिक हलकों में उन्हें भाजपा के वरिष्ठ नेताओं का करीबी माना जाता है।
प्रशासनिक सूत्रों के मुताबिक ईडी ने कार्रवाई को पूरी तरह गोपनीय रखा है और मीडिया कवरेज पर भी रोक लगाई गई है। मौके पर तैनात सुरक्षा कर्मियों ने मीडिया को वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी से रोका। बताया जा रहा है कि ईडी की यह कार्रवाई शनिवार तक जारी रह सकती है। ईडी की इस अचानक कार्रवाई के बाद जिले के राजनीतिक और प्रशासनिक गलियारों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।

spot_img

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img

Latest Articles