Tuesday, June 2, 2026
spot_img

विकसित भारत के निर्माण में अहम भूमिका निभाएगा खेल विश्वविद्यालय : योगी

(24×7न्यूजटाइम संवाददाता)
मेरठ। उत्तर प्रदेश का पहला मेजर ध्यानचंद राज्य खेल विश्वविद्यालय आने वाले समय में खेल संस्कृति को नई दिशा देने के साथ-साथ विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। यह बात मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को मेरठ के सलावा में निर्माणाधीन विश्वविद्यालय के निरीक्षण के दौरान कही।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिये कि विश्वविद्यालय में शैक्षणिक गतिविधियां तय समय सीमा के भीतर शुरू की जाएं और इसे उच्च मानकों वाला संस्थान बनाया जाए। उन्होंने कहा कि बीते एक दशक में देश में खेलों को लेकर सोच बदली है और सरकार की नीतियों से खिलाड़ियों को बेहतर मंच और अवसर मिले हैं।
पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने बताया कि प्रदेश में ग्रामीण स्तर से लेकर जिला स्तर तक खेल ढांचे को मजबूत किया जा रहा है। गांवों में खेल लीग, जनप्रतिनिधियों से जुड़ी खेल प्रतियोगिताएं और जिलों में स्टेडियमों का निर्माण इसी दिशा में उठाए गए कदम हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि मेजर ध्यानचंद के नाम पर देश का पहला खेल विश्वविद्यालय मेरठ में स्थापित होना प्रदेश के लिए गौरव की बात है।
निरीक्षण के दौरान बताया गया कि विश्वविद्यालय परिसर का दायरा बढ़ाकर सौ एकड़ कर दिया गया है और निर्माण कार्य चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जा रहा है। नए शैक्षणिक सत्र में यहां नियमित कक्षाएं संचालित होंगी और विभिन्न खेलों से जुड़े डिप्लोमा व डिग्री पाठ्यक्रम उपलब्ध कराए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने विश्वविद्यालय को विश्वस्तरीय बनाने पर जोर देते हुए बेहतर शैक्षणिक व्यवस्था, अनुभवी फैकल्टी और पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों को कोच के रूप में जोड़ने की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि यह संस्थान भविष्य में खेल प्रशिक्षण का एक प्रमुख केंद्र बनेगा और अन्य क्षेत्रों में भी इसी तरह के संस्थान स्थापित किए जाएंगे।
पश्चिमी उत्तर प्रदेश के खिलाड़ियों की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार निजी खेल अकादमियों को भी सहयोग देगी, ताकि प्रदेश की प्रतिभाएं राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर सकें।
याद रहे कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2 जनवरी 2022 को 700 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले उत्तर प्रदेश के पहले इस खेल विश्वविद्यालय की आधारशिला रखी थी। सौ एकड़ में फैले विश्वविद्यालय परिसर में भवन निर्माण आदि का लगभग 80 प्रतिशत कार्य पूरा किया जा चुका है जिसमें 5 सौ महिलाओं सहित कुल एक हजार अभ्यर्थियों को प्रवेश दिए जाएंगे।

spot_img

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img

Latest Articles