(24×7न्यूजटाइम संवाददाता)
विदिशा। केन्द्र और राज्य सरकार द्वारा जिले में चलाई जा रही योजनाओं के किर्यान्वयन और जनमानस को मिल रहे योजना के लाभ की हकीकत जानने राज्य सरकार के अनेक वरिष्ठ अधिकारियों के साथ विदिशा पहुॅची केन्द्रीय जनजातीय सचिव रंजना चैपड़ा ने अनेक योजनाओं का निरीक्षण के दौरान जमकर की जिला प्रशासन की सराहना।
सबसे पहले श्रीमती चैपड़ा ने विदिशा जिले को कुपोषण विमुक्त बनाने के उद्देश्य से स्थानीय स्तर पर संचालित अभिनव पहलों की जानकारी लेने के बाद पीएम जन-मन योजना एवं धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के अंतर्गत ग्रामों के निरीक्षण किया और टपरा क्षेत्र के माॅडल आंगनबाड़ी केन्द्र भवन का अवलोकन किया। इस अवसर पर एक वर्ष की नन्ही बालिका सुभी को सुपोषण किट तथा नवजात बालिका को स्वागतम् लक्ष्मी किट भी दी। इतना ही नही विदिशा के कलेक्टर अंशुल गुप्ता ने जिले में संचालित कुपोषण उन्मूलन से जुड़े स्थानीय अभियानों की जानकारी साझा करते हुए उनकी महत्ता, उपयोगिता एवं सकारात्मक प्रभाव को रेखांकित किया। उन्होंने बताया कि इन पहलों से मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य में सुधार के साथ-साथ समुदाय में पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ी है।
केन्द्रीय सचिव रंजना चैपड़ा के साथ आये मध्यप्रदेश के जनजातीय कार्य विभाग के प्रमुख सचिव गुलशन बामरा, क्षेत्रीय विकास योजना के आयुक्त सत्येन्द्र सिंह समेत सभी अधिकारियों ने निरीक्षण के दौरान सहरिया जनजाति बहुल ग्राम नयागांव टपरा एवं इनायतपुर टपरा में पहुंचकर योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति का जायजा लिया। केंद्रीय सचिव श्रीमती चैपड़ा ने आंगनबाड़ी केन्द्रों में संचालित गतिविधियों, शैक्षणिक व्यवस्थाओं तथा जनजातीय समुदाय के व्यक्तिगत एवं सार्वजनिक विकास से जुड़े विभिन्न निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने जनजातीय वर्ग के बच्चों के लिए किए गए शैक्षणिक प्रबंधों का अवलोकन करते हुए शासकीय प्राथमिक शाला नयागांव टपरा में पहुंचकर विद्यार्थियों से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने बच्चों से सामान्य ज्ञान, अध्ययन की स्थिति एवं पाठ्यक्रम से संबंधित प्रश्न पूछे तथा उनकी शैक्षणिक गतिविधियों का मूल्यांकन किया। सहरिया बच्चों की शैक्षणिक तैयारी और हाजिर-जवाबी से अभिभूत हो गईं।
निरीक्षण के दौरान प्रधानमंत्री जन-मन योजना सहित विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत कुल 11 योजनाओं में पूर्ण कराए गए कार्यों की गुणवत्ता, उपयोगिता एवं लाभार्थियों तक पहुंच का परीक्षण किया गया। अधिकारियों ने मौके पर उपस्थित हितग्राहियों से संवाद कर योजनाओं से मिल रहे लाभ, सुविधाओं की स्थिति तथा जमीनी स्तर पर हो रहे कार्यों की जानकारी प्राप्त की। केंद्रीय सचिव ने कलेक्टर अंशुल गुप्ता और उनकी टीम के द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए इन्हें निरंतर और प्रभावी रूप से आगे बढ़ाने के निर्देश दिए।





