Tuesday, June 2, 2026
spot_img

लखनऊ में रिकवरी एजेंट की हत्या के आरोप में दो गिरफ्तार

(24×7न्यूजटाइम संवाददाता)
लखनऊ । राजधानी लखनऊ के बंथरा क्षेत्र में पुलिस ने रिकवरी एजेंट की हत्या का खुलासा करते हुये बुधवार को दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
रिकवरी एजेंट कुनाल शुक्ला की मंगलवार को अपने कार्यालय में हत्या कर दी गयी थी। पुलिस ने मात्र 24 घंटे में हत्या की वारदात का खुलासा करते हुये दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। जांच में पता चला कि हत्या का कारण विवेक सिंह की पत्नी से मृतक कुनाल के करीबी संबंध और पैसों को लेकर विवाद था। विवेक ने अपने साथी वसीम अली खान के साथ मिलकर घटना को अंजाम दिया था। आरोपी ने पूछताछ में स्वीकार किया कि सोमवार रात उन्होंने कुनाल को शराब पिलाकर बेसुध कर दिया और फिर लोहे की सब्बल से जानलेवा हमला कर उसकी हत्या कर दी।
पुलिस टीम के अनुसार, दादुपुर निवासी विवेक सिंह को मृतक और उसकी पत्नी की बातचीत खटक रही थी। साथ ही, पैसों का लेनदेन उनका विवाद और बढ़ा रहा था। विवेक ने वसीम को मकान निर्माण में मदद का लालच देकर हत्या में पार्टनर बनाया। घटना वाली रात करीब साढ़े नौ बजे वसीम को मोबाइल पर बुलाया, और तय योजना के मुताबिक वसीम ने कुनाल के सिर और चेहरे पर सब्बल से कई वार कर उसकी हत्या कर दी।
हत्या के बाद शव छोड़कर दोनों फरार हो गए। सब्बल को ऑफिस के पास एक प्लॉट में फेंक दिया, जबकि कुनाल का मोबाइल नाले में बहा दिया, ताकि कोई सुराग न मिले। बंथरा पुलिस और सर्विलांस टीम ने त्वरित जांच कर कई साक्ष्य एकत्र किए। सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल सर्विलांस और मैनुअल इनपुट्स के आधार पर संदेह विवेक और वसीम पर गया। सख्ती से पूछताछ में दोनों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। हत्या में प्रयुक्त सब्बल, मृतक का मोबाइल और खून लगे कपड़े बरामद किए गए।
आरोपी विवेक सिंह के खिलाफ पहले भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।

spot_img

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img

Latest Articles