कांग्रेस का मध्यप्रदेश में भी ‘वोट चोरी’ का दावा

0
121

(24x7newstime Correspondent)
भोपाल ।कांग्रेस के देश भर में इन दिनों चल रहे कथित ‘वोट चोरी’ से जुड़े आंदोलन के बीच पार्टी की मध्यप्रदेश इकाई ने राज्य के चुनावों में भी वोट चोरी का दावा किया है। पार्टी के प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार और राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा ने यहां संवाददाताओं से चर्चा के दौरान ये बात कही।
प्रदेश अध्यक्ष श्री पटवारी ने दावा किया कि चुनाव के दौरान मध्यप्रदेश में तीन तरह की मतदाता सूची सामने आईं। जिस दिन चुनाव की घोषणा हुई उस दिन एक सूची आई, जब प्रत्याशी ने फॉर्म भरा, उस दिन दूसरी और जिस दिन मतदान हुआ, उस दिन एक अलग मतदाता सूची आई। लगभग 60 विधानसभाओं में ऐसी ही चूक सामने आई है। उन्होंने कहा कि ये अपने आप में संदेश है कि मध्यप्रदेश में भी वोट की चोरी हुई है। इसके साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि विधानसभावार हजारों मतों में ‘मैनिपुलेशन’ हुआ है, इसके आंकड़े कांग्रेस सही समय पर पेश करेगी। उन्होंने कहा कि वोट चोरी वोट के अधिकार को बचाने का मुद्दा है। कांग्रेस जब ये बात करती है तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी डिजिटल मतदाता सूची देश के सामने नहीं रखना चाहते। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के नेता चुनाव आयोग के स्थान पर कांग्रेस के सवालों का उत्तर दे रहे हैं। भाजपा आयोग का बचाव क्यों कर रही है। नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने सवाल किया तो भाजपा क्यों जवाब दे रही है, आयोग क्यों नहीं। उन्होंने दावा किया कि जब से कांग्रेस ने राज्य में मतदाताओं की डिजिटल सूची मांगी, तब से आयोग की वेबसाइट बंद कर दी गई है। श्री पटवारी ने बताया कि कांग्रेस इस वोट चोरी के विरोध में सिलसिलेवार कार्यक्रम करेगी, कल रीवा में वोट चोरी सत्याग्रह शुरु हुआ है। इसी क्रम में कल ग्वालियर में तिरंगा यात्रा वोट चोरी सत्याग्रह होने जा रहा है। 15 अगस्त को भोपाल में ऐसा आयोजन होगा। कांग्रेस कार्यकर्ता घर घर जाकर इस वोट चोरी आंदोलन को बल देंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here