Tuesday, June 2, 2026
spot_img

मोदी का संबोधन बासी और नीरस: कांग्रेस

(24x7newstime Correspondent)
नयी दिल्ली। कांग्रेस ने स्वतंत्रता दिवस पर लाल किला की प्राचीर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12वें भाषण को बासी, पाखंड से भरा और नीरसतापूर्ण करार देते हुए कहा है कि उन्होंने वही सब नारे दोहराये हैं जो वह हर साल सुनाते रहे हैं। कांग्रेस संचार विभाग के प्रभारी जयराम रमेश ने कहा कि विकसित भारत, आत्मनिर्भर भारत और सबका साथ-सबका विकास जैसे वही नारे दोहराये गये हैं जिनको वह सालों से सुना रहे हैं। उनके नारों का कोई नतीजा अब तक नहीं निकला है। श्री मोदी द्वारा ‘मेड-इन-इंडिया’ सेमीकंडक्टर चिप का वादा बार बार बड़े झूठ के साथ किया गया है और इस तरह की बातें करना श्री मोदी की पहचान बन गया है। उनका कहना था कि भारत का पहला सेमीकंडक्टर कॉम्प्लेक्स 1980 के दशक की शुरुआत में ही चंडीगढ़ में स्थापित किया गया था। किसानों की रक्षा की बात को खोखली करार देते हुए उन्होंने कहा कि तीन काले कृषि कानून उनकी ही सरकार ने थोपने की कोशिश की थी लेकिन आज वह एमएसपी की कानूनी गारंटी, लागत पर 50 प्रतिशत लाभ के साथ एमएसपी तय करने या कर्ज़ माफी का कोई ठोस ऐलान नहीं कर पा रहे हैं। रोजगार सृजन पर सिर्फ दिखावटी बातें की जा रही हैं।
एकता, समावेशन और लोकतंत्र पर श्री मोदी के भाषण का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि श्री मोदी स्वयं चुनाव आयोग जैसी संस्थाओं के पतन के जिम्मेदार और योजनाकार रहे हैं। विपक्ष के नेता द्वारा चुनावी प्रक्रिया की विश्वसनीयता पर उठाए गए सवाल पर उन्होंने कहा कि बिहार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के जरिए लाखों मतदाताओं को वंचित किया जा रहा है। उन्होंने इसे संघीय ढांचे को कमजोर करने का प्रयास बताया और कहा कि श्री मोदी बार बार इस तरह के कदम उठा रहे हैं। उनका कहना था कि स्वतंत्रता दिवस दूरदर्शिता, स्पष्टवादिता और प्रेरणा का क्षण होना चाहिए। लेकिन आज का संबोधन आत्म-प्रशंसा और चुनिंदा कहानियों का नीरस मिश्रण था – जिसमें देश की गहरी आर्थिक तंगी, बेरोजगारी संकट और तेजी से बढ़ती आर्थिक असमानता का कोई ईमानदार ज़िक्र नहीं था।

spot_img

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img

Latest Articles