Wednesday, June 3, 2026
spot_img

विकसित राजस्थान के लक्ष्य की प्राप्ति में प्रवासी राजस्थानियों की अहम भूमिका : भजनलाल

(24×7न्यूजटाइम संवाददाता)
जयपुर । मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने विकसित राजस्थान के लक्ष्य की प्राप्ति में प्रवासी राजस्थानियों की अहम भूमिका बताते हुए कहा है कि राज्य सरकार प्रवासी राजस्थानियों की उपलब्धियों और उनके महत्वपूर्ण सामाजिक योगदान के सम्मान में आगामी 10 दिसम्बर को जयपुर में प्रवासी राजस्थानी दिवस का आयोजन करेगी।
श्री शर्मा गुरुवार को मुख्यमंत्री कार्यालय में प्रवासी राजस्थानी दिवस (10 दिसम्बर) के आयोजन की तैयारियों के संबंध में समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने अधिकारियों को इस आयोजन को सफल बनाने के लिए सभी तैयारियां समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस आयोजन के जरिए प्रवासी राजस्थानियों को विकसित राजस्थान की यात्रा का हिस्सा बनने का अवसर प्राप्त होगा। उन्हें सामाजिक, आर्थिक, औद्योगिक सहित विभिन्न क्षेत्रों में योगदान एवं उपलब्धि हासिल करने के लिए सम्मानित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने प्रवासी राजस्थानी दिवस को सफल बनाने के क्रम में राष्ट्रीय एवं अन्तर्राष्ट्रीय अप्रवासी राजस्थानी कनेक्ट कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को सितम्बर, अक्टूबर एवं नवम्बर महीने में राष्ट्रीय एनआरआर कनेक्ट कार्यक्रम को हैदराबाद, कोलकाता और सूरत एवं अक्टूबर महीने में अन्तर्राष्ट्रीय एनआरआर कनेक्ट कार्यक्रम को संयुक्त अरब अमीरात (दुबई एवं अबू धाबी) में पूर्ण तैयारी के साथ आयोजित करने के लिए निर्देशित किया।
श्री शर्मा ने विभागीय अधिकारियों को उद्घाटन सत्र की तैयारियों के लिए विशेष दिशा-निर्देश दिए। पर्यटन, जल, शिक्षा और स्वास्थ्य के संबंध में आयोजित होने वाले विभिन्न सत्रों की रूपरेखा बनाने के भी निर्देश दिए गए।
उल्लेखनीय है कि श्री शर्मा के निर्देश पर आगामी 10 दिसम्बर को प्रवासी राजस्थानी दिवस आयोजित किया जायेगा जिसमें प्रवासी राजस्थानी सम्मान पुरस्कार वितरण होगा। इस पुरस्कार के लिए राजस्थान फाउंडेशन पोर्टल पर 13 अगस्त से आवेदन पत्र भरा जा रहा है, जिसकी अंतिम तिथि 12 अक्टूबर है।

spot_img

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img
- Advertisement -spot_img

Latest Articles