(24×7न्यूजटाइम संवाददाता)
प्रयागराज। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा भारत पर थोपे गये 50 प्रतिशत टैरिफ को बेतुका करार देते हुये साधु संतो ने रविवार को संगम नगरी प्रयागराज में बुद्धि शुद्धि यज्ञ किया।
संत महात्माओं ने अमेरिकी राष्ट्रपति पर भारत को आर्थिक रूप से कमजोर करने की साजिश रचने का गंभीर आरोप लगाया है। अखिल भारतीय दंडी सन्यासी परिषद के पूर्व संरक्षक स्वामी महेशाश्रम महाराज ने कहा है कि डोनाल्ड ट्रंप की बुद्धि भ्रष्ट हो गई है। वह दुनिया के तमाम देशों पर अत्याचार कर रहे हैं। डोनाल्ड ट्रंप को ईश्वर सद् बुद्धि दें। इसके लिए संगम नगरी प्रयागराज के अरैल में स्थित नागेश्वर धाम में रविवार को साधु संतों ने बुद्धि शुद्धि यज्ञ अनुष्ठान का आयोजन किया है। साधु संतों ने बुद्धि शुद्धि यज्ञ में आहुतियां डालकर यह कामना की है कि ईश्वर डोनाल्ड ट्रंप को सद् बुद्धि दें और वह टैरिफ को वापस ले।





