(24×7न्यूजटाइम संवाददाता)
नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी (आप) के के वरिष्ठ नेता एवं सांसद संजय सिंह ने मंगलवार को कहा कि जन्मू कश्मीर में डोडा के आप विधायक मेहराज मलिक का मुद्दा दबाने के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अब हमारे नेताओं को प्रताड़ित कर रही है। श्री सिंह ने कहा कि श्री मलिक अपने क्षेत्र की जनता के लिए अस्पताल मांग रहे थे, लेकिन भाजपा प्रशासन ने उन पर पीएसए लगाकर उनको जेल में डाल दिया। उन्होने कहा , “आज जम्मू कश्मीर की जनता उनके समर्थन में सड़क पर उतर कर आंदोलन कर रही है। तमाम संगठन भी उनकी गिरफ्तारी को गलत बताते हुए अपनी आवाज उठा रहे हैं। मैं खुद भी जम्मू कश्मीर गया, लेकिन मुझे पुलिस ने प्रेसवार्ता करने से रोक दिया। मुझे गेस्ट हाउस में ही नजरबंद कर लिया गया और लाल चौक के पास आप पार्टी के धरने में नहीं जाने दिया गया।”
उन्होंने कहा कि देश का हजारों लाखों करोड़ रुपए लूटने वालों के पीछे भाजपा पूरी मजबूती से खड़ी है लेकिन कश्मीर में आप बढ़ने न पाए इसलिए डेढ़ लाख रुपए के चंदे को लेकर पार्टी नेता की एक साल बाद जांच करा रहे हैं। भाजपा वाले कितना पाप लेंगे और कितने गुनाह करेंगे? आप के लोगों को कितना प्रताड़ित करोगे। भाजपा को आप नेताओं को प्रताड़ित करने की एक सीमा तय करके बता देनी चाहिए।
श्री सिंह ने कहा कि आप ईमानदार और सच्चे लोगों की पार्टी है। आप के प्रत्याशी चंदे की सार्वजनिक जानकारी देते हैं। मुद्दसर हुसैन को मिला डेढ़ लाख रुपए चंदा कोई गड़बड़ी, या घपले का पैसा नहीं है। आप के समर्थकों एवं कार्यकर्ताओं ने उनको चुनाव लड़ने के लिए सहयोग के रूप में दिया था। भाजपा इसकी खूब जांच करा ले, लेकिन इससे वह ख़ुद देश के सामने बेनकाब हो रही है।
उन्होंने कहा कि एक तरफ भाजपा पाकिस्तान के साथ क्रिकेट का मैच खेल रही है और दूसरी तरफ आप कार्यकर्ता चंदा मांगकर चुनाव लड़ता है, तो जांच के नाम पर उसको प्रताड़ित कर कर रही है। आप केंद्र सरकार, भाजपा और जम्मू-कश्मीर की जांच एजेंसियों को चेतावनी देना चाहती है कि दुर्भावना की राजनीति लंबे समय तक नहीं चलती है। भाजपा आज जो कर रही है, भविष्य में उसका प्रतिफल भी भुगतना पड़ सकता है।





