(24×7न्यूजटाइम संवाददाता)
अयोध्या । बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल ने दावा किया है कि 2027 के विधानसभा चुनाव में उनकी पार्टी जनता से गठबंधन कर उत्तर प्रदेश में पूर्ण बहुमत की सरकार बनायेगी। श्री पाल ने गुरुवार को यहां पत्रकारों से बातचीत में कहा कि बसपा किसी भी राजनीतिक पार्टी से कोई गठबंधन नहीं करने जा रही है। उसका गठबन्धन सीधे प्रदेश की जनता से है, जो बसपा प्रमुख को सामाजिक न्याय को पुनः स्थापित करने के लिए मुख्यमंत्री बनाएगी। उन्होने कहा कि प्रदेश की सियासत में अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए बसपा ने कमर कस ली है। पार्टी ने नौ अक्टूबर कांशीराम की पुण्यतिथि के अवसर पर लखनऊ के कांशीराम स्मारक पर एक विशाल जनसभा करने का फैसला किया है। इस आयोजन में पांच लाख से ज्यादा लोगों के जुटने की उम्मीद है, जिससे बसपा न केवल अपनी ताकत का प्रदर्शन करेगी, बल्कि कार्यकर्ताओं में नया जोश भी भरेगी। पूरे प्रदेश से लोग 9 अक्टूबर को लखनऊ कांशीराम स्मारक स्थल पहुंचेगे। जनपद के जिला अध्यक्षों ने इसकी योजना और सूची बनाना शुरू कर दिया है।





