राष्ट्रपति दौपदी मुर्मु, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कांग्रेस के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने दी सी पी राधाकृष्ण को जीत की बधाई
(कुल पड़े 752 मतों में से चंद्रपुरम पोन्नुसामी राधाकृष्णन को प्रथम वरीयता के 452 मत और बी सुदर्शन रेड्डी को 300 मत मिले। पंद्रह मत अवैध पाये गये जिनमें डाक से प्राप्त हुआ एक मात्र मत भी शामिल था)
(24×7न्यूजटाइम संवाददाता)
नयी दिल्ली। सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के उम्मीदवार चंद्रपुरम पोन्नुसामी राधाकृष्णनन देश के नये उप राष्ट्रपति चुने गये हैं। उन्होंने उप राष्ट्रपति के पद के चुनाव के लिए मंगलवार को हुए मतदान में विपक्षी इंडिया गठबंधन के उम्मीदवार पूर्व न्यायाधीश बी सुदर्शन रेड्डी को प्रथम वरीयता मतों की गिनती के आधार पर 152 मतों के बड़े अंतर से हराया। निर्वाचन अधिकारी पी सी मोदी ने श्री राधाकृष्ण के निर्वाचित होने की घोषणा करते हुये बताया कि इस चुनाव में निर्वाचक मंडल के कुल 781 सदस्यों में से 767 ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया जो कुल मतों का 98.2 प्रतिशत है ।
मतगणना में वैध पाये गये 752 मतों में से श्री राधाकृष्णन को प्रथम वरीयता के 452 मत और श्री रेड्डी को 300 मत मिले। पंद्रह मत अवैध पाये गये जिनमें डाक से प्राप्त हुआ एक मात्र मत भी शामिल था।
श्री जगदीप धनखड़ के इस्तीफे के बाद कराये गये उपराष्ट्रपति पद के इस चुनाव के लिए अधिसूचना 7 अगस्त को जारी की गयी थी और मतदान आज सुबह दस बजे से उपांच बजे तक नये संसद भवन में कराया गया। दोनों उम्मीदवारों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में मतगणना शाम छह बजे शुरू हुई और करीब डेढ़ घंटे बाद परिणाम घोषित कर दिया गया।
उप राष्ट्रपति चुनाव के निर्वाचक मंडल में लोकसभा और राज्यसभा के सदस्य होते हैं। इस चुनाव में निर्वाचक मंडल के सदस्यों की कुल संख्या 781 थी जिनमें लोकसभा के 442 और राज्यसभा के 239 सदस्य हैं। जीत के लिए प्रथम वरीयता के 377 मतों की जरूरत थी। श्री राधाकृणन को प्रथम वरीयता के 452 मत मिले जो दोनों सदनों में राजग सदस्यों की कुल संख्या से अधिक हैं।
बीजू जनता दल, भारत राष्ट्र समिति तथा शिरोमणि अकाली दल ने पहले ही मतदान में शामिल नहीं होने की घोषणा कर दी थी।
राष्ट्रपति दौपदी मुर्मु, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कांग्रेस के अध्यक्ष श्री मल्लिकार्जुन खरगे ने श्री राधाकृष्ण को जीत की बधाई दी है। श्री रेड्डी ने भी उन्हें जीत की बधाई और शुभकामनायें प्रेषित की हैं।
श्री राधाकृष्णन इस समय महाराष्ट्र के राज्यपाल हैं। राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के एक सामान्य कार्यकर्ता से उठ कर देश के दूसरे सर्वाच्च संवैधानिक पर पहुंचे श्री राधाकृष्णन तमिलनाडु की राजनीति में एक सम्मानित नाम हैं। उनका सार्वजनिक जीवन में पांच दशक से अधिक का लम्बा अनुभव है और दक्षिण में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का ध्वज लहराने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है ।
चार मई, 1957 को तमिलनाडु के तिरुप्पुर में जन्मे श्री राधाकृष्णन बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन में स्नातक हैं। उन्होंने सार्वजनिक जीवन राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (आरएसएस) के स्वयंसेवक के रूप में शुरु किया और सन 1974 में भारतीय जनसंघ की राज्य कार्यकारिणी के सदस्य बने।
उन्हें 1996 में तमिलनाडु में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का सचिव नियुक्त किया गया। वे 1998 में कोयंबटूर से पहली बार लोकसभा के लिए चुने गए तथा 1999 में वह पुनः लोकसभा के लिए निर्वाचित हुए। वह झारखंड के राज्यपाल भी रहे हैं।





